जिला- सारंगढ़जिला- सारंगढ़ बिलाईगढ़पूछता है सारंगढबिलाईगढ़

सारंगढ़ नगर पालिका चुनाव: भाजपा-कांग्रेस के बीच सक्रिय कथित ‘सिंडिकेट’ का दबदबा बरकरार रहेगा या इस बार होगा फ्लॉप शो?

ठेकेदारों की कथित लॉबिंग, चुनावी फाइनेंस और टिकट वितरण में दखल को लेकर सियासी चर्चाएं तेज; दो चुनावों से शहर सरकार के गठन में प्रभाव रखने वाले नेटवर्क के सामने जिला संगठन की चुनौती

सारंगढ़। नगर पालिका परिषद सारंगढ़ के आगामी चुनाव को लेकर शहर की सियासत धीरे-धीरे गर्माने लगी है। भाजपा और कांग्रेस के साथ बसपा तथा निर्दलीय दावेदार भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन इस बार चुनावी मुकाबला केवल राजनीतिक दलों और उनके प्रत्याशियों के बीच ही सीमित नहीं रहने वाला है। शहर की राजनीतिक चर्चाओं में एक कथित प्रभावशाली सिंडिकेट की भूमिका भी चर्चा का विषय बनी हुई है। आरोप हैं कि पिछले दो नगर पालिका चुनावों में कुछ नेताओं और ठेकेदारों के गठजोड़ ने टिकट वितरण से लेकर चुनावी फाइनेंस और शहर सरकार के गठन तक अपनी पसंद को प्रभावी बनाने की कोशिश की थी।

स्थानीय राजनीतिक हलकों में इस कथित गठजोड़ को व्यंग्यात्मक रूप से ‘सलवा जुडूम’ की संज्ञा दी जा रही है। चर्चा है कि इस नेटवर्क में शामिल कुछ प्रभावशाली लोग भाजपा और कांग्रेस दोनों ही खेमों में अपने संपर्क बनाए रखते हैं। सत्ता का रुख बदलने के साथ राजनीतिक निष्ठा बदलने और अपने हितों के अनुरूप चुनावी समीकरण बनाने के आरोप भी लगाए जाते रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार भी यह कथित सिंडिकेट अपनी पसंद का अध्यक्ष और पार्षद बनवाने में कामयाब होगा या जिला मुख्यालय बनने के बाद बदले राजनीतिक समीकरणों में इसका प्रभाव कमजोर पड़ जाएगा?

1919 में नगर पालिका का गठन, दो चुनावों में दिखा अलग-अलग दलों का कब्जा

सारंगढ़ नगर पालिका का इतिहास काफी पुराना है। वर्ष 1919 में नगर पालिका का गठन हुआ था, लेकिन वर्ष 1993 में जनसंख्या संबंधी आंकड़ों के आधार पर इसे नगर पंचायत का दर्जा दे दिया गया। इसके बाद वर्ष 2016 में पुनः नगर पालिका का दर्जा मिलने के साथ यहां नगरीय राजनीति का नया दौर शुरू हुआ। इसके बाद हुए दो आम चुनावों में एक बार भाजपा और दूसरी बार कांग्रेस ने शहर सरकार पर कब्जा जमाया।

वर्ष 2016 के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत हुई थी। वहीं वर्ष 2021 में अप्रत्यक्ष प्रणाली से हुए चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारी। हालांकि दोनों चुनावों को लेकर स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं में कुछ प्रभावशाली ठेकेदारों की भूमिका और उनके कथित आर्थिक सहयोग की चर्चा होती रही है। आरोप लगाए जाते हैं कि चुनाव के समय पसंदीदा प्रत्याशियों को आर्थिक मदद, राजनीतिक समर्थन और चुनावी प्रबंधन उपलब्ध कराने के जरिए शहर सरकार के गठन में प्रभाव स्थापित किया गया।

बताया जाता है कि वर्ष 2016 में कुछ ठेकेदारों ने भाजपा के पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में लॉबिंग और आर्थिक सहयोग किया था। वहीं वर्ष 2021 में राजनीतिक परिस्थितियां बदलने के बाद यही कथित नेटवर्क कांग्रेस के साथ खड़ा दिखाई दिया। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं में यह मुद्दा लगातार उठता रहा है।

क्या ठेकेदारों के इशारे पर तय होगा नगर पालिका अध्यक्ष?

सारंगढ़ की नगरीय राजनीति में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि नगर पालिका अध्यक्ष का चेहरा राजनीतिक दल तय करेंगे या पर्दे के पीछे सक्रिय कथित आर्थिक ताकतें? स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जाते रहे हैं कि पिछले दो चुनावों में कुछ ठेकेदारों ने अपने पसंदीदा चेहरों के लिए राजनीतिक दलों में लॉबिंग की और चुनावी खर्च में सहयोग देकर अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया।

इस बार भी एक प्रभावशाली ठेकेदार का नाम राजनीतिक चर्चाओं में प्रमुखता से लिया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि उक्त ठेकेदार कांग्रेस के एक संभावित प्रत्याशी के पक्ष में आर्थिक सहयोग का भरोसा दे चुके हैं। वहीं भाजपा के संभावित प्रत्याशियों और प्रदेश संगठन की रणनीति पर भी उनकी नजर बनी हुई है। चर्चा यह भी है कि चुनावी परिस्थितियों और प्रत्याशियों की स्थिति को देखकर समर्थन तथा फाइनेंस का अंतिम फैसला किया जा सकता है।

हालांकि इन चर्चाओं और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चुनाव से पहले इस तरह की राजनीतिक गतिविधियों ने शहर में नई बहस जरूर छेड़ दी है। सवाल यह है कि क्या राजनीतिक दल अपने संगठन, कार्यकर्ताओं और जनाधार के आधार पर प्रत्याशी तय करेंगे या पर्दे के पीछे होने वाली लॉबिंग टिकट वितरण को प्रभावित करेगी?

15 वार्डों में प्रत्याशियों की सूची पर कथित सिंडिकेट की नजर

नगर पालिका सारंगढ़ के 15 वार्डों में पार्षद पद के प्रत्याशियों को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में दावेदार अपनी-अपनी मजबूत स्थिति पेश करने में जुटे हैं। इसी बीच स्थानीय चर्चाओं में यह दावा किया जा रहा है कि कुछ प्रभावशाली लोग दोनों दलों के प्रत्याशियों के चयन को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

आरोप हैं कि कुछ वार्डों में अपने पसंदीदा प्रत्याशियों को जिताने के लिए दूसरे दल के कमजोर प्रत्याशी को टिकट दिलाने की रणनीति भी बनाई जाती है। यदि इन चर्चाओं में सच्चाई है तो यह लोकतांत्रिक प्रतिस्पर्धा और राजनीतिक दलों की आंतरिक निर्णय प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

सारंगढ़ की राजनीति में एक और दिलचस्प चर्चा यह है कि नगर पालिका परिषद में विपक्ष की भूमिका भी कई बार कमजोर दिखाई देती रही है। चुनाव के दौरान आमने-सामने रहने वाले राजनीतिक चेहरे परिषद के भीतर किस तरह एक-दूसरे के साथ तालमेल बैठाते हैं, यह भी शहर की राजनीतिक बहस का हिस्सा बना हुआ है।

पैसा, टेंडर और कमीशन की राजनीति के आरोप

नगर पालिका की राजनीति में विकास कार्यों और निर्माण संबंधी टेंडरों को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जाते हैं कि शहर के विकास और जनहित के मुद्दों से ज्यादा महत्व निर्माण कार्यों, ठेकों और आर्थिक हितों को दिया जाता है। कुछ लोगों का दावा है कि नगर पालिका में होने वाले निर्माण कार्यों के टेंडर और उनके आवंटन को लेकर पहले से ही आपसी तालमेल बना लिया जाता है।

यहां तक कि आरोप यह भी हैं कि कई निर्माण कार्यों में प्रतिस्पर्धा के बजाय आपसी सहमति से काम हासिल करने की कोशिश होती है। यदि ऐसा है तो यह न केवल पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि शहर के विकास की गुणवत्ता और सरकारी धन के उचित उपयोग को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करता है।

नगर पालिका में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों और आगामी निर्माण योजनाओं को देखते हुए ठेकेदारी से जुड़े प्रभावशाली लोगों की राजनीतिक सक्रियता को भी इसी नजरिए से देखा जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की जांच और आधिकारिक दस्तावेजों के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

जिला मुख्यालय बनने के बाद बदलेगा राजनीतिक समीकरण?

सारंगढ़ के जिला मुख्यालय बनने के बाद नगरीय राजनीति का महत्व पहले की तुलना में काफी बढ़ गया है। अब नगर पालिका चुनाव केवल स्थानीय नेताओं के प्रभाव तक सीमित नहीं रह गया है। भाजपा और कांग्रेस के जिला संगठन के साथ-साथ प्रदेश स्तर के नेताओं की भी चुनावी गतिविधियों पर नजर रहने की संभावना है।

ऐसे में पर्दे के पीछे से राजनीतिक समीकरण बनाने वाले कथित सिंडिकेट के सामने इस बार नई चुनौती होगी। दोनों प्रमुख दलों के संगठन यदि मजबूत रणनीति के साथ प्रत्याशियों का चयन करते हैं और स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता देते हैं तो पुराने समीकरणों में बदलाव आ सकता है।

इस बार किसके साथ खड़ा होगा कथित ‘सलवा जुडूम’?

फिलहाल सबसे दिलचस्प सवाल यही है कि चुनावी मैदान में यह कथित सिंडिकेट किस राजनीतिक दल के साथ खड़ा होगा? भाजपा की सत्ता होने के कारण उसका झुकाव सत्ताधारी दल की ओर रहेगा या कांग्रेस के किसी मजबूत दावेदार को आर्थिक और चुनावी समर्थन देकर पुराने समीकरण दोहराने की कोशिश होगी? अथवा दोनों ही दलों में अपने संपर्क बनाए रखते हुए चुनाव परिणाम के बाद परिस्थितियों के अनुसार भूमिका तय की जाएगी?

बहरहाल, सारंगढ़ नगर पालिका चुनाव में इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने के साथ पर्दे के पीछे चलने वाली कथित राजनीतिक और आर्थिक रणनीतियों पर भी सबकी नजर रहेगी। जनता के सामने असली परीक्षा उन प्रत्याशियों की होगी जो शहर के विकास, पेयजल, सड़क, नाली, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपना विजन पेश करेंगे।

अब देखना यह होगा कि इस बार सारंगढ़ की शहर सरकार का फैसला जनता के वोट से होगा या पर्दे के पीछे सक्रिय रहने वाले कथित प्रभावशाली नेटवर्क का पुराना खेल फिर कोई नया राजनीतिक परिणाम सामने लाएगा?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://sarangarhtimes.in/wp-content/uploads/2026/03/Screenshot-2026-03-31-180014.png
Back to top button