जिला- सारंगढ़जिला- सारंगढ़ बिलाईगढ़पूछता है सारंगढबिलाईगढ़

बरमकेला के धनीगांव में ‘कागजी सील’ का खेल! कोर्ट के बेदखली आदेश के बाद भी नहीं हटा कब्जा, 400 किसानों की धान खरीदी पर संकट

15 नवंबर से प्रदेशभर में शुरू हो चुकी है समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, लेकिन धनीगांव केंद्र अब तक बंद; 3.38 एकड़ सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण, ढाबा बेखौफ संचालित होने का आरोप

साल्हेओना/सारंगढ़। प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान शुरू हो चुका है। सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है, लेकिन बरमकेला जनपद क्षेत्र के धनीगांव में सरकारी व्यवस्था की तस्वीर कुछ अलग ही नजर आ रही है। यहां नवीन धान खरीदी केंद्र के लिए आवंटित शासकीय जमीन कथित अतिक्रमण की चपेट में है। हैरानी की बात यह है कि तहसील न्यायालय से बेदखली का अंतिम आदेश जारी होने के बाद भी जमीन से कब्जा नहीं हट पाया है। प्रशासनिक कार्रवाई के नाम पर ढाबे को सील करने की बात सामने आई, लेकिन किसानों का आरोप है कि ढाबा आज भी बेरोकटोक संचालित हो रहा है।

इसका सीधा खामियाजा आसपास के 11 गांवों के करीब 400 किसानों को भुगतना पड़ रहा है। धान कटाई का सीजन शुरू हो चुका है, किसान अपनी उपज बेचने की तैयारी में हैं, लेकिन धनीगांव का प्रस्तावित खरीदी केंद्र अब तक शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में किसानों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि जब न्यायालय के आदेश के बाद भी सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त नहीं हो पा रही, तो आखिर वे अपनी उपज बेचने कहां जाएं?

3.38 एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, खरीदी केंद्र का रास्ता बंद

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत धनीगांव ने प्रस्ताव पारित कर नवीन धान खरीदी केंद्र स्थापित करने के लिए खसरा नंबर 53/1 की लगभग 3.38 एकड़ शासकीय भूमि आवंटित की थी। इस केंद्र के शुरू होने से आसपास की तीन ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 11 गांवों के किसानों को बड़ी राहत मिलनी थी। उन्हें धान बेचने के लिए दूरस्थ खरीदी केंद्रों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता।

लेकिन किसानों का आरोप है कि प्रस्तावित खरीदी केंद्र की सरकारी जमीन पर पूर्व सरपंच के ससुर और भूतपूर्व सरपंच के पिता द्वारा कब्जा कर ढाबा संचालित किया जा रहा है। इसी कथित अतिक्रमण के कारण खरीदी केंद्र का निर्माण और संचालन लंबे समय से अटका हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत और प्रशासनिक नोटिस जारी होने के बावजूद जमीन खाली नहीं कराई जा सकी।

12 नवंबर को बेदखली आदेश, फिर भी कार्रवाई अधूरी क्यों?

मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसील न्यायालय में कार्रवाई की गई और 12 नवंबर 2026 को अंतिम बेदखली आदेश जारी किया गया। इसके बाद किसानों को उम्मीद जगी कि अब सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त होगी और धान खरीदी केंद्र शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।

बताया जा रहा है कि आदेश के पालन में चार दिन पहले बुधवार को बरमकेला तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। लेकिन किसानों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। आरोप है कि प्रशासनिक अमले ने अतिक्रमण हटाने के बजाय ढाबे को सील करने की औपचारिकता पूरी कर दी।

हालांकि, किसानों का दावा है कि मौके पर कब्जा अब भी बरकरार है और ढाबे का संचालन भी जारी है। ऐसे में प्रशासन की कार्रवाई और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर नजर आ रहा है। यदि न्यायालय के बेदखली आदेश के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटता, तो सरकारी जमीन को मुक्त कराने की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

किसानों का फूटा गुस्सा, आखिर अपना धान कहां बेचें?

धान खरीदी शुरू हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन धनीगांव केंद्र का संचालन शुरू नहीं होने से क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। करीब 400 किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूसरे केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ सकता है। इससे परिवहन खर्च, समय और अन्य परेशानियां बढ़ने की आशंका है।

किसानों का कहना है कि एक तरफ सरकार किसानों की सुविधा के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था कर रही है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय प्रशासन की कथित लापरवाही के कारण उन्हें अपने ही क्षेत्र में खरीदी केंद्र की सुविधा नहीं मिल पा रही है।

ग्रामीणों का सवाल है कि जब नवीन धान खरीदी केंद्र के लिए सरकारी जमीन आवंटित है और बेदखली का आदेश भी जारी हो चुका है, तो फिर कब्जा हटाने में देरी किसके दबाव में हो रही है? क्या राजनीतिक विरोध के सामने प्रशासनिक आदेशों का पालन भी प्रभावित हो सकता है?

क्या कहते हैं तहसीलदार?

इस मामले में बरमकेला तहसीलदार विवेक पटेल का कहना है कि कब्जाधारी द्वारा एक सप्ताह का समय मांगते हुए आवेदन प्रस्तुत किया गया है। एसडीएम न्यायालय में अपील का निराकरण होने के बाद कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

विवेक पटेल, तहसीलदार, बरमकेला।

जिला प्रशासन से किसानों की दो टूक मांग

धनीगांव सहित आसपास के गांवों के किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले में अब केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहा जाए। शासकीय जमीन को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और नवीन धान खरीदी केंद्र को अविलंब शुरू कराया जाए।

किसानों का कहना है कि धान खरीदी का महत्वपूर्ण समय निकलता जा रहा है। यदि समय रहते केंद्र शुरू नहीं हुआ तो इसका सीधा नुकसान क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को उठाना पड़ेगा।

अब बड़ा सवाल यह है कि जब तहसील न्यायालय का बेदखली आदेश मौजूद है, तो सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने में आखिर इतनी देरी क्यों? क्या धनीगांव के किसानों को न्याय और सुविधा के लिए किसी बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, या जिला प्रशासन तत्काल कार्रवाई कर उनकी समस्या का समाधान करेगा?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://sarangarhtimes.in/wp-content/uploads/2026/03/Screenshot-2026-03-31-180014.png
Back to top button