रायगढ़

धरमजयगढ़ में 138 हाथी मौजूद, एक रात में 24 किसानों की धान फसल बर्बाद रायगढ़. धरमजयगढ़ वन मंडल में जंगली हाथियों की बड़ी संख्या के साथ किसानों की फसल पर खतरा भी लगातार बना हुआ है. प्रदेश में इस

धरमजयगढ़ में 138 हाथी मौजूद, एक रात में 24 किसानों की धान फसल बर्बाद रायगढ़. धरमजयगढ़ वन मंडल में जंगली हाथियों की बड़ी संख्या के साथ किसानों की फसल पर खतरा भी लगातार बना हुआ है. प्रदेश में इस

धरमजयगढ़ में 138 हाथी मौजूद, एक रात में 24 किसानों की धान फसल बर्बाद

रायगढ़. धरमजयगढ़ वन मंडल में जंगली हाथियों की बड़ी संख्या के साथ किसानों की फसल पर खतरा भी लगातार बना हुआ है. प्रदेश में इस समय सबसे अधिक 138 हाथी धरमजयगढ़ वन मंडल के अलग-अलग क्षेत्रों में विचरण कर रहे हैं. धान की कटाई के मौजूदा दौर में हाथियों के दल जंगल से निकलकर खेतों तक पहुंच रहे हैं. बीती रात भी हाथियों ने अलग-अलग गांवों में 24 किसानों की धान फसल को नुकसान पहुंचाया. वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार वन मंडल क्षेत्र में हाथियों समेत अन्य वन्यप्राणियों के कारण हर महीने 100 से अधिक किसानों की फसल बर्बाद हो रही है. नवंबर में हुई बेमौसम बारिश के बाद तापमान में गिरावट के बीच हाथियों की लगातार आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. धरमजयगढ़ वन मंडल में मौजूद 138 हाथियों में 42 नर, 67 मादा और 29 शावक शामिल हैं. इनमें सबसे बड़ा दल क्रोंधा परिसर में है, जहां 47 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है. इसके अलावा लैलूंगा रेंज के तिलाईदरहा में 32, आमगांव में 24 और रैरूमा क्षेत्र में 18 हाथी विचरण कर रहे हैं. शेष हाथी वन मंडल के दूसरे क्षेत्रों में अलग-अलग दलों में घूम रहे हैं. हाथियों ने बीती रात अलग-अलग गांवों में पहुंचकर किसानों की तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचाया. लैलूंगा रेंज के नरेकेला में आठ और ढोरोंआमा में सात किसानों की फसल प्रभावित हुई. वहीं शेरबन, बायसी और मेढरमार क्षेत्र में पांच किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा. क्रोधा में दो तथा नागदरहा और सिसकोबा में एक-एक किसान की धान की फसल हाथियों ने रौंद दी. सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया. नवंबर का समय धान की फसल पकने और कटाई का है. जंगल से लगे खेतों में तैयार धान हाथियों को आसानी से उपलब्ध हो जाता है. ऐसे में भोजन की तलाश में हाथियों के खेतों तक पहुंचने की घटनाएं किसानों के लिए बड़ी समस्या बन रही हैं. वन मंडल क्षेत्र में हर महीने 100 से अधिक किसानों की फसल वन्यप्राणियों से प्रभावित हो रही है. इससे खेती पर निर्भर परिवारों की आजीविका पर भी असर पड़ रहा है. बारिश और ठंड के बीच हाथियों की गतिविधियों में कोई विशेष बदलाव आया है या नहीं, इस पर वन विभाग की निगरानी और पिछले वर्षों के आंकड़ों से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी व्यवस्था बढ़ाई है. हाथी मित्र दल और विभागीय कर्मचारी थर्मल ड्रोन कैमरों की मदद से हाथियों की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं. इससे रात के अंधेरे में भी हाथियों की मौजूदगी का पता लगाने में मदद मिलती है. ग्रामीणों को हाथियों के नजदीक नहीं जाने, उन्हें घेरने या भगाने की कोशिश नहीं करने और विभाग को तत्काल सूचना देने की समझाइश दी जा रही है. धरमजयगढ़ डीएफओ सत्येंद्र शर्मा ने बताया कि धान की कटाई होने के बाद हाथियों के लिए यह और आसान भोजन हो जाता है. इसलिए वे लगातार खेतों में पहुंच रहे हैं. हाथियों की संख्या में आए दिन बदलाव होते रहते हैं. धरमजयगढ़ से हाथी अक्सर घरघोड़ा और जशपुर की ओर जाते हैं या इन्हीं क्षेत्रों से आते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://sarangarhtimes.in/wp-content/uploads/2026/03/Screenshot-2026-03-31-180014.png
Back to top button