
जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय हैं कांग्रेस नेत्री सरिता मल्होत्रा, सोशल मीडिया पर लगातार उठा रहीं शहर की समस्याएं
दिसंबर में प्रस्तावित नगर पालिका चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज, सरिता मल्होत्रा की सक्रियता बनी चर्चा का विषय
सारंगढ़।आगामी दिसंबर में होने वाले नगर पालिका चुनाव को लेकर सारंगढ़ में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं युवा नेत्री सरिता मल्होत्रा शहर के जनहित से जुड़े मुद्दों को सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार उठा रही हैं। उनकी इस सक्रियता को आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक दृष्टि से भी देखा जा रहा है।
कांग्रेस की राजनीति में मल्होत्रा परिवार की अपनी पहचान रही है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर प्रत्याशी रह चुके वरिष्ठ नेता साखाराम मल्होत्रा पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और सक्रियता के लिए जाने जाते हैं। इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि में सरिता मल्होत्रा भी पार्टी की गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय मुद्दों को लेकर सक्रिय नजर आ रही हैं।
राजनीतिक महत्वाकांक्षा के इस दौर में स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान संभावित दावेदारों की सक्रियता चर्चा में रहती है। वहीं, सरिता मल्होत्रा की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र सारंगढ़ शहर बना हुआ है। वर्ष 2021 में उन्होंने वार्ड क्रमांक-1 से नगर पालिका चुनाव लड़ा था, हालांकि उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने शहर से अपनी सक्रियता बनाए रखी। वार्ड क्रमांक-10 खैरहा की स्थायी निवासी सरिता मल्होत्रा इन दिनों नगर की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों को सोशल मीडिया के माध्यम से सामने ला रही हैं।
सारंगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण आगामी चुनाव में अध्यक्ष पद के दावेदारों को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ऐसे में सरिता मल्होत्रा की गतिविधियों पर राजनीतिक गलियारों में नजर रखी जा रही है। सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी संभावित दावेदारों की राजनीतिक सक्रियता और सोशल मीडिया पर उनकी गतिविधियों पर ध्यान दे रही है। हालांकि, पार्टी की ओर से किसी दावेदार के नाम को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
नगर पालिका क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, नालियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लगातार सार्वजनिक चर्चा का विषय बनी रहती हैं। ऐसे में जनहित के मुद्दों को उठाने वाले नेताओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सरिता मल्होत्रा द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों को लेकर शहर में चर्चा हो रही है, लेकिन चुनाव में उनकी सक्रियता का कितना प्रभाव पड़ेगा, यह आने वाला समय ही बताएगा।
फिलहाल, दिसंबर में प्रस्तावित नगर पालिका चुनाव को देखते हुए कांग्रेस में संभावित दावेदारों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। टिकट किसे मिलेगा, इसका निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। वहीं, सरिता मल्होत्रा की लगातार सक्रियता ने उन्हें स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं में बनाए रखा है।



