Uncategorizedराज्य

CG CRIME: मोबाइल देखने को लेकर विवाद, बड़े भाई ने डंडे से पीटकर की 16 वर्षीय छोटे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

CG CRIME: मोबाइल देखने को लेकर विवाद, बड़े भाई ने डंडे से पीटकर की 16 वर्षीय छोटे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मोबाइल देखने को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ मामूली विवाद हत्या की वारदात में बदल गया। खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसगांव में 19 वर्षीय बड़े भाई ने अपने 16 वर्षीय छोटे भाई पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर की रात की है। ग्राम फरसगांव निवासी कैलाश सोरी (19 वर्ष) और उसका छोटा भाई कुंदन सोरी (16 वर्ष) खाना खाने के बाद घर के आंगन में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान मोबाइल देखने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बड़े भाई कैलाश सोरी ने डंडे से कुंदन के सिर और पीठ पर वार कर दिया।

हमले के कारण कुंदन जमीन पर गिर पड़ा। उसके माथे और पैर में भी चोटें आई थीं। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में कुंदन की मौत की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कैलाश सोरी पिता जैतराम सोरी (19 वर्ष) ग्राम फरसगांव का रहने वाला है। मृतक कुंदन सोरी भी इसी गांव का निवासी था। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के बाद धमतरी पुलिस ने लोगों से पारिवारिक और आपसी विवाद के दौरान संयम बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि छोटे-मोटे विवादों को हिंसक रूप देने के बजाय बातचीत और समझदारी से सुलझाना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://sarangarhtimes.in/wp-content/uploads/2026/03/Screenshot-2026-03-31-180014.png
Back to top button