Uncategorizedराज्य

गांजा तस्करों पर बसना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 41.590 किलो गांजा बरामद,मध्यप्रदेश के दो तस्कर गिरफ्तार

गांजा तस्करों पर बसना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 41.590 किलो गांजा बरामद,मध्यप्रदेश के दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 41.590 किलोग्राम गांजा के साथ मध्यप्रदेश के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, एक महिंद्रा XUV 500 कार और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 31 लाख 14 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि पदमपुर (ओडिशा) की ओर से सफेद रंग की महिंद्रा XUV 500 कार क्रमांक MP 17 CC 1110 में दो व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर बसना होते हुए सतना (मध्यप्रदेश) की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना बसना पुलिस एवं एएनटीएफ की टीम ने थाना बसना के सामने पदमपुर रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की में रखी दो प्लास्टिक की बोरियों से कुल 41.590 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, गांजा परिवहन के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना बसना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(सी) के तहत कार्रवाई की गई।

सतना जिले के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद कुशवाहा (40 वर्ष), पिता सौंखीलाल कुशवाहा और कृष्णपाल कुशवाहा (38 वर्ष), पिता जयलाल कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों ग्राम चन्दई, थाना जैतवारा, जिला सतना (मध्यप्रदेश) के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा के पदमपुर से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के सतना में खपाने की योजना बना रहे थे।

31 लाख 14 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 41.590 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख 79 हजार 500 रुपये है, जब्त किया। इसके अलावा लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की महिंद्रा XUV 500 कार और तीन मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए गए। इस प्रकार जब्त संपत्ति की कुल कीमत 31 लाख 14 हजार 500 रुपये है।

महासमुंद पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है। सटीक सूचना, त्वरित कार्रवाई और पुलिस टीमों के समन्वय से यह सफलता मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://sarangarhtimes.in/wp-content/uploads/2026/03/Screenshot-2026-03-31-180014.png
Back to top button