
कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, हादसे में मासूम भाइयों की मौत, पिता घायल…..

बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. हादसा देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के पास हुआ, जहां डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर कार ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए. जानकारी के अनुसार, परसुली निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय भतीजे नमन कुमार सोनकर के साथ बाइक क्रमांक CG 24 S 1107 से घर के पास सड़क पर निकले थे. इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार क्रमांक CG 08 AT 360 के चालक ने कथित तौर पर वाहन को रॉन्ग साइड में ले जाकर बाइक को सामने से टक्कर मार दी.
एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल घायलों की मदद की. सूचना मिलने के बाद डॉयल 112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.

इलाज के दौरान दोनों मासूम की मौत
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजनांदगांव रेफर किया गया. वहां उपचार के दौरान पवन सोनकर के बेटे हिमांशु सोनकर और भतीजे नमन कुमार सोनकर की मौत हो गई. वहीं पवन सोनकर का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए. सूचना मिलने पर देवरी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लिया. पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर फरार चालक और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है. हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.



