
बरमकेला : पत्नी को बदनाम करने जनपद पंचायत के सामने फेंका अश्लील फोटो और पाम्पेलेट!

कंप्यूटर इंजीनियर रायपुर से गिरफ्तार, पारिवारिक
रंजिश में की थी घिनौनी हरकत,
बरमकेला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा,
घटना में प्रयुक्त एक्टिवा और मोबाइल जब्त
सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/बरमकेला,
पारिवारिक रंजिश के चलते अपनी ही पत्नी और ससुर को बदनाम करने के उद्देश्य से अश्लील फोटो/पैम्फलेट तैयार कर सार्वजनिक स्थान पर फेंकने के मामले में बरमकेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना 11 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे की है।
आरोपी विनय नायक (32 वर्ष), निवासी राधास्वामी नगर-सी-1, भाटागांव, रायपुर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को बदनाम करने के उद्देश्य से उसका अश्लील फोटो/पैम्फलेट तैयार किया और बरमकेला स्थित जनपद पंचायत के सामने फेंक दिया। मामले की शिकायत मिलने पर थाना बरमकेला में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत धारा 77, 79, 356(3), 75(3) बीएनएस एवं धारा 6, स्त्री अशिष्ट रूपण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और 18 अगस्त 2026 को उसके रायपुर स्थित निवास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त नीले रंग की होंडा एक्टिवा क्रमांक CG-04-QF-4520 तथा मोटोरोला कंपनी का स्मार्टफोन मय सिम जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ सुनील शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक सारंगढ़ संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में थाना बरमकेला प्रभारी उप निरीक्षक अजीब कुमार बेक, प्रधान उप निरीक्षक भारती घाटघुम्मर, प्रधान आरक्षक भुवनेश्वर पंडा, आरक्षक खिलावन बघेल सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



