
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, बिलाईगढ़, सालर और सरिया में पकड़ी गई अनियमितता; 21 चेकपोस्टों से धान के आवागमन पर रखी जा रही नजर
सारंगढ़ टाइम्स / न्यूज।
सारंगढ़। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। धान के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासनिक टीमों द्वारा व्यापारिक प्रतिष्ठानों, अंतरजिला एवं अंतरराज्यीय चेकपोस्टों और धान खरीदी केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 2,951 बोरी-कट्टा धान जब्त किया गया है। कार्रवाई से अवैध रूप से धान का भंडारण करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिले में धान के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा अनियमितता पाए जाने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बिलाईगढ़ और सालर में 2,798 बोरी-कट्टा धान जब्त
अवैध भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान बिलाईगढ़ में मेसर्स रोहित कुमार देवांगन के प्रतिष्ठान से 2,700 बोरी धान जब्त किया गया। वहीं सालर में एसडीएम द्वारा धान भंडारण की जांच के दौरान अवैध रूप से रखे गए 98 कट्टा धान की जब्ती की गई। दोनों स्थानों पर कुल 2,798 बोरी-कट्टा धान जब्त किया गया है।
इसी क्रम में बिलाईगढ़ एसडीएम सुश्री शिक्षा शर्मा के मार्गदर्शन में तहसीलदार भटगांव श्री प्रकाश पटेल ने साहू ट्रेडर्स, अंतरजिला चेकपोस्ट सलिहा घाट और सलिहा घाट धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धान के आवागमन पर विशेष नजर रखने और खरीदी व्यवस्था में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
सरिया के चंदन ट्रेडर्स में 153 बोरी अतिरिक्त धान मिला
बरमकेला विकासखंड के सरिया में भी राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन और एसडीएम श्री डी.एस. राजपूत के निर्देशानुसार संयुक्त टीम ने सरिया स्थित चंदन ट्रेडर्स का निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रतिष्ठान में उपलब्ध धान के वास्तविक स्टॉक का मिलान संबंधित अभिलेखों से किया गया। जांच में लगभग 153 बोरी धान का स्टॉक अभिलेखों से अधिक पाया गया। इसके बाद मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत संयुक्त टीम ने उक्त धान को जब्त कर लिया। साथ ही संबंधित कारोबारी को धान के स्टॉक और अभिलेखों का नियमानुसार संधारण करने के निर्देश दिए गए।
जिले में 21 चेकपोस्टों से होगी निगरानी
धान के अवैध परिवहन पर नियंत्रण रखने के लिए जिले में कुल 21 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इनमें 11 अंतरराज्यीय और 10 अंतरजिला चेकपोस्ट शामिल हैं। इसके अलावा जिले की 80 समितियों के अंतर्गत 95 धान खरीदी केंद्र संचालित हैं। इन सभी केंद्रों और चेकपोस्टों के माध्यम से धान के आवागमन तथा खरीदी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रशासन सख्त
जिला प्रशासन का कहना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना और किसानों के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध भंडारण, परिवहन और स्टॉक में अनियमितता करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों के स्टॉक की नियमित जांच करें तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कुल मिलाकर धान खरीदी के शुरुआती दौर में ही प्रशासन की सख्ती से अवैध धान कारोबारियों पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है। अब निगरानी और कार्रवाई का यह सिलसिला आगे कितना प्रभावी रहता है, इस पर जिले के किसानों और आम नागरिकों की नजर बनी हुई है।



