
सारंगढ़ नगर पालिका चुनाव : कांग्रेस के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं घनश्याम मनहर!
एंटी-इनकम्बेंसी से निपटने कांग्रेस तलाश रही नया और ऊर्जावान चेहरा, टिकट की दौड़ में घनश्याम मनहर का नाम सबसे आगे होने की चर्चा
सारंगढ़ टाइम्स / न्यूज
सारंगढ़। सारंगढ़ नगर पालिका परिषद के आगामी आम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों में संभावित प्रत्याशियों को लेकर मंथन का दौर जारी है। खासकर कांग्रेस में नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए इस बार नए चेहरे को मौका दिए जाने की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में जोर पकड़ रही हैं। वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ बताई जा रही एंटी-इनकम्बेंसी को देखते हुए कांग्रेस संगठन किसी ऐसे ऊर्जावान, अनुभवी और जनसंपर्क में मजबूत चेहरे की तलाश में है, जो शहर में पार्टी की खोई हुई राजनीतिक जमीन को फिर से मजबूत कर सके। इसी बीच पूर्व विधायक श्रीमती पद्मा मनहर के पति एवं कांग्रेस के अनुभवी नेता घनश्याम मनहर का नाम अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों में प्रमुखता से सामने आ रहा है।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी चयन को लेकर अंतिम दौर की लॉबिंग शुरू हो चुकी है। पार्टी के भीतर घनश्याम मनहर के नाम पर गंभीरता से विचार किए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के विभिन्न गुटों के बीच भी उनके नाम को लेकर सकारात्मक माहौल बन रहा है। हालांकि, अभी तक पार्टी संगठन की ओर से किसी भी प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
एंटी-इनकम्बेंसी के बीच कांग्रेस को नए चेहरे की तलाश
सारंगढ़ नगर पालिका का आगामी चुनाव कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनता नजर आ रहा है। कांग्रेस के सामने जहां अपने परंपरागत राजनीतिक प्रभाव को बरकरार रखने की चुनौती है, वहीं भाजपा के लिए नगर सरकार में बदलाव का अवसर माना जा रहा है।
शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर आम नागरिकों के बीच असंतोष की चर्चाएं लगातार सामने आती रही हैं। नालियों की बदहाल स्थिति, मच्छरों का बढ़ता प्रकोप, सड़कों की दुर्दशा, उद्यानों का रखरखाव और कई इलाकों में प्रकाश व्यवस्था जैसी समस्याएं स्थानीय राजनीति के प्रमुख मुद्दे बन सकती हैं।
ऐसे में यदि कांग्रेस वर्तमान अध्यक्ष को ही दोबारा मैदान में उतारती है, तो भाजपा को उनके कार्यकाल और शहर की समस्याओं को लेकर चुनावी हमला करने का अवसर मिल सकता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि स्थानीय निकाय चुनाव में प्रत्याशी की व्यक्तिगत छवि, जनसंपर्क और स्थानीय समस्याओं को लेकर उसकी सक्रियता निर्णायक भूमिका निभाती है। यही वजह है कि कांग्रेस संगठन नए चेहरे के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
क्यों मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं घनश्याम मनहर?
घनश्याम मनहर की दावेदारी के पीछे उनकी राजनीतिक सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल को प्रमुख वजह माना जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से उनके मधुर संबंध और क्षेत्र में लगातार सक्रियता उनकी राजनीतिक ताकत मानी जाती है।
बताया जाता है कि घनश्याम मनहर पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में लगातार भागीदारी निभाते रहे हैं। कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में शामिल होना, आम लोगों से सहज मुलाकात और मिलनसार व्यवहार उनकी पहचान रही है। यही कारण है कि वे केवल पार्टी के अंदर ही नहीं, बल्कि शहर के विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक वर्गों के बीच भी अपनी पहचान रखते हैं।
पूर्व विधायक श्रीमती पद्मा मनहर के राजनीतिक अनुभव और उनके साथ लंबे समय से जुड़े राजनीतिक एवं सामाजिक संपर्कों को भी उनकी दावेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस के लिए ऐसे समय में एक अनुभवी और सक्रिय चेहरे का विकल्प उपयोगी साबित हो सकता है, जब पार्टी को भाजपा के सामने मजबूत चुनौती पेश करनी है।
विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाने में भी रही भूमिका की चर्चा
कांग्रेस शासनकाल के दौरान सारंगढ़ में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए स्वीकृति दिलाने में घनश्याम मनहर की भूमिका की चर्चा होती रही है। तत्कालीन नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया से बेहतर समन्वय के माध्यम से शहर के विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत कराने का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है।
इनमें मुड़ा तालाब के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति और पटेल धर्मशाला के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति सहित अन्य कार्यों का उल्लेख किया जाता है। इन परियोजनाओं को लेकर उनका राजनीतिक अनुभव और शासन-प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने की क्षमता उनकी दावेदारी को मजबूती देने वाले पहलुओं के रूप में देखी जा रही है।
टिकट के लिए समर्थकों के साथ लगातार जनसंपर्क और बैठकों का दौर
नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच घनश्याम मनहर भी अपने समर्थकों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। क्षेत्र में मुलाकातों और बैठकों के माध्यम से वे राजनीतिक माहौल को समझने के साथ अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं। कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उनकी सक्रियता को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि, घनश्याम मनहर की ओर से टिकट को लेकर कोई आधिकारिक दावा सामने नहीं आया है। उनका स्पष्ट कहना है कि संगठन सर्वोपरि है और कांग्रेस पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, वे उसके समर्थन में पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे। उनका यह बयान पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, वहीं राजनीतिक गलियारों में उनकी दावेदारी को लेकर चर्चाएं भी लगातार जारी हैं।
फेसबुक पोस्ट से गरमाई कांग्रेस की अंदरूनी सियासत!
घनश्याम मनहर की राजनीतिक सक्रियता के बीच उनका एक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष को अध्यक्ष पद के लिए मजबूत दावेदार बताया था। हालांकि, बाद में पोस्ट को एडिट कर उसमें प्रश्नवाचक चिह्न जोड़ दिए जाने के बाद राजनीतिक चर्चाओं ने नया मोड़ ले लिया।
शुरुआत में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे वर्तमान अध्यक्ष के समर्थन के रूप में देखा, जबकि पोस्ट में किए गए बदलाव के बाद कई लोगों ने इसके अलग-अलग राजनीतिक मायने निकालने शुरू कर दिए। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
इस पूरे मामले में घनश्याम मनहर ने संगठन को सर्वोपरि बताते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी, वे उसके लिए समर्पित होकर काम करेंगे। उनके इस बयान के बाद भी फेसबुक पोस्ट को लेकर राजनीतिक अटकलों का दौर थमा नहीं है।
घनश्याम मनहर की दावेदारी से भाजपा की भी बढ़ सकती है चुनौती
सारंगढ़ नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के लिए प्रत्याशी का चयन सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक फैसला साबित हो सकता है। यदि पार्टी एंटी-इनकम्बेंसी को ध्यान में रखते हुए किसी नए चेहरे पर दांव लगाती है, तो घनश्याम मनहर एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर सकते हैं। उनकी राजनीतिक अनुभवी छवि, कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क और शहर के विभिन्न वर्गों में जनसंपर्क को देखते हुए उनकी उम्मीदवारी चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना सकती है।
हालांकि, कांग्रेस की टिकट किसे मिलेगी, यह अंतिम रूप से पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही तय करेगा। फिलहाल घनश्याम मनहर का नाम दावेदारों की चर्चा में प्रमुखता से बना हुआ है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या कांग्रेस इस बार एंटी-इनकम्बेंसी से बचने के लिए घनश्याम मनहर जैसे अनुभवी और सक्रिय चेहरे पर भरोसा जताएगी? या फिर पार्टी एक बार फिर पुराने चेहरे के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी?
नगर पालिका चुनाव की इस सियासी बिसात पर कांग्रेस का अगला कदम ही तय करेगा कि सारंगढ़ की राजनीति में कौन बनेगा पार्टी का तुरुप का इक्का।



