
सुशासन तिहार में जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज ने उठाए जनहित के मुद्दे
मंच से बेबाकी के साथ रखी क्षेत्र की समस्याएं, कई मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज ने मंच से जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया। कार्यक्रम में भाजपा के कई नेता एवं जनप्रतिनिधि मंचासीन थे, लेकिन इसके बावजूद विनोद भारद्वाज ने डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से लेकर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं तक पर अपनी बेबाक राय रखी।
उन्होंने आम जनता की समस्याओं को लेकर कलेक्टर को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र के विभिन्न गांवों की आवश्यकताओं और लंबित मांगों को प्रमुखता से रखा। कार्यक्रम के दौरान उनकी सक्रियता और निडर शैली चर्चा का विषय बनी रही। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि विपक्ष में रहते हुए लगातार जनमुद्दों को उठाने के कारण उनकी पकड़ ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत होती जा रही है।
ज्ञापन में उन्होंने सारंगढ़ जनपद क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से जुड़ी कई मांगों को प्रमुखता से उठाया। कोसीर ग्राम पंचायत को नगर पंचायत बनाने की वर्षों पुरानी मांग का उल्लेख करते हुए इसे शीघ्र पूरा करने की मांग की गई। साथ ही कोसीर उप तहसील को पूर्ण तहसील में उन्नयन करने तथा क्षेत्र में महाविद्यालय खोलने की आवश्यकता भी बताई गई।
साल्हे गांव में प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला और पंचायत भवन एक ही परिसर में संचालित होने तथा वहां का अहाता जर्जर होने की बात रखते हुए नए अहाता निर्माण की मांग की गई। वहीं लेनधरा छोटे क्षेत्र में एफसीआई गोदाम के पीछे मंडी प्रांगण को सुरक्षित कर धान खरीदी केंद्र बनाए जाने की आवश्यकता बताई गई।
लेलहर नाला और परसकोल क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए स्टॉप डैम निर्माण की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। इसके अलावा लेधा हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी में उन्नयन करने की मांग उठाई गई।
बोरिदा गांव में नए प्राथमिक शाला भवन के लिए अहाता निर्माण, पीडीएस भवन एवं मुक्तिधाम की आवश्यकता का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया। वहीं खम्हारडीह में आदिवासी समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण तथा चांटीपाली में आंगनबाड़ी एवं मुक्तिधाम की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
रेंगापार-डोंगिया मार्ग चौड़ीकरण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की मांग करते हुए विनोद भारद्वाज ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में नलजल योजना में भारी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
सुशासन तिहार जैसे मंच पर खुले तौर पर जनसमस्याओं को उठाने को लेकर लोगों के बीच उनकी सक्रियता की चर्चा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि इसी प्रकार जनता की समस्याओं को मजबूती से प्रशासन तक पहुंचाते रहें तो कई लंबित समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।



