
शारदेय नवरात्र में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करना जरूरी, बार-बार कटौती से जनता परेशान
सारंगढ़। आज से देशभर में शारदेय नवरात्र का पर्व प्रारंभ हो चुका है। सारंगढ़ में भी मां दुर्गा की भक्ति की धारा बह रही है। शहर के मंदिरों से लेकर दुर्गा पंडालों तक भक्तिमय माहौल बना हुआ है। ऐसे में बिजली व्यवस्था को मजबूत और निर्बाध बनाए रखना बेहद जरूरी हो गया है।
सारंगढ़ शहर में लगातार दिन में कई-कई बार हो रही बिजली कटौती से आम जनता परेशान हो चुकी है। बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नवरात्र के दौरान पूजा-पाठ, धार्मिक आयोजन और देर रात तक चलने वाली गतिविधियों को देखते हुए बिजली की नियमित आपूर्ति आवश्यक है।
सिर्फ सारंगढ़ शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों में भी बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बार-बार बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में बिजली विभाग के सामने शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी व्यवस्था सुधारने की चुनौती है।
नवरात्र जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व के दौरान आमजन को निर्बाध बिजली आपूर्ति की उम्मीद है। ऐसे में बिजली विभाग को व्यवस्था में सुधार के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, ताकि बार-बार होने वाली कटौती से लोगों को राहत मिल सके और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मां दुर्गा की आराधना कर सकें।
अब देखना होगा कि बिजली विभाग नवरात्र के दौरान बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कितनी तत्परता दिखाता है। व्यवस्था में जितनी जल्दी सुधार होगा, आम जनता को उतनी ही जल्दी राहत मिलेगी।



