
सारंगढ़-बिलाईगढ़ को अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग यार्ड बनाने की साजिश, विधायक ने कलेक्टर से मिलकर पूरे जिले में रोक लगाने की मांग

सोनबला के ग्रामवासियों की शिकायत पर उनके साथ कलेक्टर के पास पहुँची विधायक जांगड़े
ग्रामवासियों ने फ्लाई एस डंपिंग से गांव में हो रही निस्तारी की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया
फ्लाई एस डंपिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग
सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/सारंगढ़,
नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में लगातार हो रही अवैध फ्लाई ऐश (राखड़) डंपिंग को लेकर क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। विशेष रूप से ग्राम सोनबला, ग्राम पंचायत घोघरा में बड़े पैमाने पर फ्लाई ऐश डंप किए जाने की शिकायतें सामने आने के बाद सारंगढ़ विधानसभा की विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे जिले में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
विधायक ने कलेक्टर को बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी करते हुए फ्लाई ऐश डंप की जा रही है, जिससे किसानों की उपजाऊ भूमि प्रभावित हो रही है, भूजल प्रदूषित होने का खतरा बढ़ रहा है तथा आमजन के स्वास्थ्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नया जिला विकास और स्वच्छ वातावरण के लिए जाना जाना चाहिए, न कि अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग के लिए। विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने मांग की कि पूरे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में चल रही अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी कंपनियों एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा जहां-जहां अवैध डंपिंग की गई है वहां से तत्काल फ्लाई ऐश हटाई जाए।विधायक की मांग पर जिला कलेक्टर ने तत्काल फ्लाई एस डंपिंग पर रोक लगाने की बात कही अधिकारियों को निर्देशित किया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो जिले की कृषि, पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को गंभीर एवं दीर्घकालिक नुकसान होगा। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर जिले को अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग से मुक्त कराने की मांग की है।



