
उफनते सहजपाली नाले में बह गई बाइक, ग्रामीणों ने चालक की बचाई जान

सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/बरमकेला,
बरमकेला अंचल में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। बरमकेला क्षेत्र के हिर्री-सहजपाली नाले में बुधवार दोपहर एक बाइक चालक तेज बहाव के बीच पुलिया पार करने लगा। इस दौरान बाइक पानी की तेज धारा में बह गई, जबकि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर लोगों से उफनते नालों को पार नहीं करने की अपील की गई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब एक बजे बरमकेला-रिसोरा मार्ग पर स्थित हिर्री- सहजपाली नाले की पुलिया पर घुटने से अधिक पानी बह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ग्रामीणों ने बाइक चालक को नाला पार करने से मना किया, लेकिन उसने चेतावनी को नजरअंदाज कर बाइक पानी में उतार दी। नाला पार करते समय बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तेज बहाव में बहते हुए गहरे हिस्से में चली गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल चालक को पकड़कर बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि बाइक चालक ओडिशा के जगदीशपुर का रहने वाला है। राहत की बात यह रही कि पीछे बैठा व्यक्ति नाला पार करने से पहले ही उतर गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बैरिकेड तोड़कर किया नाला पार
प्रशासन ने बारिश के दौरान दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सहजपाली नाले पर लोहे की बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन बंद किया था। इसके बावजूद बाइक चालक बैरिकेड की अनदेखी कर जबरन नाला पार करने लगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ग्रामीण मदद नहीं करते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
दो दिन पहले ही माधोपाली लात नाला में कार सहित दंपती के बहने की घटना सामने आई थी। इसके बावजूद लोग उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम उठा रहे हैं। प्रशासन ने एक बार फिर बारिश के दौरान तेज बहाव वाले नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है।



