
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8 पोकलेन, 1 जेसीबी और 19 ट्रैक्टर जब्त अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 28 वाहन-मशीनें जब्त मौहापाली में खनिज विभाग की बड़ी दबिश, 8 पोकलेन समेत 28 वाहन जब्त

सारंगढ़। सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए खनिज विभाग की टीम ने सरिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कटंगपाली के आश्रित ग्राम मौहापाली में व्यापक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 8 पोकलेन मशीन, 1 जेसीबी एवं 19 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है। पत्थरों से लदे कई ट्रैक्टर भी विभागीय कार्रवाई की जद में आए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा यह कार्रवाई लंबे समय से मिल रही अवैध खनन की शिकायतों के आधार पर की गई। क्षेत्र में अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि अवैध खनन को लेकर प्रदेश स्तर तक शिकायतें पहुंच रही थीं। वहीं स्थानीय स्तर पर भी इस विषय को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा लगातार आवाज उठाई जा रही थी। क्षेत्र में संचालित क्रेशरों और अवैध खनन गतिविधियों को लेकर मीडिया में भी लगातार समाचार प्रकाशित हो रहे थे। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन करने वालों के लिए स्पष्ट चेतावनी माना जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा सुशासन और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए अवैध गतिविधियों पर लगातार नकेल कसने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
कार्यवाही होगी या सेटिंग ?
हालांकि कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या इस बार जब्त सभी वाहनों और मशीनों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी या फिर पूर्व की तरह कुछ मामलों में राहत प्रदान कर दी जाएगी। क्षेत्र के लोगों की नजर अब प्रशासन की आगामी कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया पर टिकी हुई है। खनिज विभाग द्वारा जब्त वाहनों एवं मशीनों के संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।




