
लगातार बैठकों के जरिए प्रशासनिक कसावट में जुटीं कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू
ज्वलंत मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की उम्मीद, सकारात्मक कार्यशैली बनी चर्चा का विषय
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू लगातार विभागीय बैठकों का दौर चला रही हैं। जानकारी के अनुसार जिले के अधिकांश विभागों की समीक्षा बैठकें लगभग पूरी हो चुकी हैं और विभिन्न योजनाओं, व्यवस्थाओं तथा जमीनी समस्याओं पर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली जा रही है।
जिले में यह चर्चा तेज है कि यदि ज्वलंत मुद्दों की सही और त्वरित जानकारी प्रशासन तक पहुंचे तो समस्याओं के समाधान में भी तेजी लाई जा सकती है। आमजन और सामाजिक संगठनों का मानना है कि वर्तमान समय में कई ऐसे विषय हैं जिन पर प्रशासनिक स्तर पर गंभीर संज्ञान लेने की आवश्यकता है।
जिले में अवैध रेत उत्खनन लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। कई क्षेत्रों में नियमों को दरकिनार कर रेत का अवैध कारोबार चलने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसी तरह नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में दर्जनों की संख्या में अवैध प्लॉटिंग के मामले भी चर्चा में हैं, जिससे भविष्य में राजस्व और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं खड़ी होने की आशंका जताई जा रही है।
इसके अलावा फ्लाई एश डंपिंग का मुद्दा भी लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के खुले में फ्लाई एश परिवहन और डंपिंग से पर्यावरण तथा लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। शहर के कई मार्गों पर उड़ती धूल और प्रदूषण आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।
नगर क्षेत्र में पेयजल समस्या, जाम नालियों की स्थिति और बिजली व्यवस्था को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। गर्मी के मौसम में पानी की अनियमित आपूर्ति और बिजली कटौती से आमजन प्रभावित हो रहे हैं। वहीं कई स्थानों पर नालियों की सफाई नहीं होने से गंदगी और जलभराव की स्थिति बन रही है।
दूसरी ओर शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को लेकर भी चिंता बढ़ती जा रही है। मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों में वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ने के कारण लोगों को जाम और अव्यवस्थित यातायात का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि समय रहते यातायात व्यवस्था को लेकर ठोस योजना नहीं बनाई गई तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
नगर सौंदर्यीकरण को लेकर भी प्रशासनिक पहल की जरूरत महसूस की जा रही है। पूर्व में जिले के तत्कालीन कलेक्टरों द्वारा पार्षदों और जनप्रतिनिधियों की बैठक लेकर शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने पर चर्चा की गई थी। अब लोगों को उम्मीद है कि वर्तमान कलेक्टर भी इस दिशा में नई पहल कर सकती हैं।
जिले में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की लगातार सक्रिय और सकारात्मक कार्यशैली चर्चा का विषय बनी हुई है। आमजन का मानना है कि यदि इसी तरह नियमित समीक्षा और फील्ड स्तर पर निगरानी जारी रही तो कई लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी आ सकती है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन आने वाले दिनों में इन ज्वलंत मुद्दों पर कितना प्रभावी कदम उठाता है।



