
11 केवी करंट से युवक की मौत मामले में बड़ा खुलासा, जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाया था करंट, 3 आरोपी गिरफ्तार

सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/साल्हेओना,
सरिया थाना क्षेत्र में डेढ़ माह पहले 11 केवी बिजली करंट की चपेट में आने से हुई युवक की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस घटना में जांच में सामने आया कि जंगली सूअर का शिकार करने के लिए तालाब के आसपास जीआई तार में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित किया गया था, जिसकी चपेट में आने से युवक की मौत हो गई थी। मामले में सरिया पुलिस ने तीन
आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तीनों आरोपी मृतक के बगल गांवों के निवासी है।
मामले के थाना सरिया के विवेचना अधिकारी प्रधान आरक्षक टीकाराम पटेल से मिली जानकारी के अनुसार घटना 19 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे की है। जब ग्राम मारोदरहा निवासी राजू बरिहा पिता कन्हैया उम्र 35 वर्ष अपने साथियों चंदराम बरिहा और रमेश बरिहा के साथ ग्राम दादरपाली के टार तालाब की ओर गया था। इसी दौरान राजू बरिहा दिशा
मैदान के लिए तालाब के अंदर गया और चपेट में आ गया। उसके साथ एक पालतू कुत्ता की मौत हो गई थी। दूसरे दिन सुबह ग्राम दादरपाली के ग्रामीणों ने युवक की शव को देखकर सरिया पुलिस को सूचना किया गया था।
जांच में पता चला कि आरोपी रामप्रसाद यादव निवासी कारीगांठी, अंगद बरिहा निवासी लंकापाली, रविंद्र बरिहा निवासी लंकापाली ने जंगली सूअर मारने के उद्देश्य से तालाब के आसपास छड़ बांधने वाली जीआई तार बिछाकर उसे 11 केवी बिजली लाइन से जोड़ दिया था। तालाब के अंदर जाते ही राजू बरिहा करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही
मौत हो गई। घटना के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने मौत का कारण बिजली के झटके और उससे हुई गंभीर शारीरिक जटिलताओं को बताया। मामले में मर्ग जांच के बाद सरिया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 105, 3(5) बीएनएस और विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मृतक भी एक ग्रुप से जुडा था
बताया जा रहा है कि मृतक राजू बरिहा भी जंगली जानवरों के शिकार करने वाले ग्रुप से जुडा हुआ था। तीन साल पहले मछली पकड़ने के दौरान दो लोग भी बिजली करंट की चपेट में आने मौत हो गया था और उस घटना में मृतक बच गया था। जबकि इस बार भी मृतक भी ग्राम दादरपाली के टार तालाब के पास भी जंगली सुअर भगाने के चक्कर में पहुंचने की चर्चा है। वही उसके अन्य साथियों के कार्यशैली पर संदिग्ध माना जा रहा है।



