जिला- सारंगढ़ बिलाईगढ़

धान खरीदी केन्द्रों में तौल गड़बड़ी का मामला गरमाया, विधायक उत्तरी जांगड़े ने कलेक्टर से मिलकर की सख्त कार्रवाई की मांग

धान खरीदी केन्द्रों में तौल गड़बड़ी का मामला गरमाया, विधायक उत्तरी जांगड़े ने कलेक्टर से मिलकर की सख्त कार्रवाई की मांग

धान खरीदी केन्द्रों में तौल गड़बड़ी का मामला गरमाया, विधायक उत्तरी जांगड़े ने कलेक्टर से मिलकर
की सख्त कार्रवाई की मांग

सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/सारंगढ़,

जिले एवं सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों में किसानों से तौल के नाम पर तय सीमा से अधिक धान लिए जाने का गंभीर मामला सामने आने के बाद यह मुद्दा अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर विधायक उत्तरी जांगड़े ने जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज, जिला पंचायत सदस्य हरिहर जायसवाल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण मालाकार, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजीव ठाकुर तथा विधायक प्रतिनिधि गनपत जांगड़े के साथ कलेक्टर से भेंट कर किसानों के हित में तत्काल एवं सख्त कार्रवाई की मांग की।

विधायक उत्तरी जांगड़े ने कलेक्टर को अवगत कराया कि शासन द्वारा प्रति कट्टा धान का निर्धारित वजन 40 किलो 600 ग्राम तय किया गया है, लेकिन जिले के अनेक धान खरीदी केन्द्रों में किसानों से प्रति कट्टा तय सीमा से कहीं अधिक धान लिया जा रहा है। कहीं 1 किलो, कहीं 700 ग्राम, तो कहीं 1.5 किलो तक अतिरिक्त धान तौला जा रहा है। कई केन्द्रों पर तो 41 किलो 200 ग्राम, 41 किलो 600
ग्राम से लेकर 41 किलो 800 ग्राम तक धान की तौल की जा रही है, जो कि शासन के स्पष्ट निर्देशों का खुला उल्लंघन है।

उन्होंने बताया कि यदि किसी एक धान खरीदी केन्द्र का ही आकलन किया जाए, तो प्रतिदिन किसानों से कई क्विंटल अतिरिक्त धान लिया जा रहा है। इससे अन्नदाता किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक किसी भी स्तर पर प्रभावी सुनवाई नहीं हुई, जिससे किसानों में रोष व्याप्त है। हाल ही में भेड़वन धान खरीदी केन्द्र में सामने आया मामला इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है, जहां किसानों ने खुले तौर पर अतिरिक्त तौल की शिकायत दर्ज कराई है।

विधायक उत्तरी जांगड़े ने कलेक्टर से मांग की कि सभी धान खरीदी केन्द्रों में अब तक किसानों से जितना भी अतिरिक्त धान लिया गया है, उसका भुगतान किसानों को तत्काल नकद राशि के रूप में किया जाए अथवा अतिरिक्त धान उन्हें वापस लौटाया जाए। साथ ही जिन केन्द्रों में इस प्रकार की अनियमितताएं पाई गई हैं, वहां के संबंधित अध्यक्षों एवं प्रबंधकों पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए
उन्हें पद से पृथक किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की गड़बड़ियों की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अन्नदाता किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों की मेहनत और पसीने की कमाई पर डाका डालने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाना आवश्यक है। विधायक ने यह भी मांग की कि सभी धान खरीदी केन्द्रों में तौल व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए, इलेक्ट्रॉनिक कांटों की जांच कर उन्हें सील किया जाए तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए। कलेक्टर ने विधायक एवं प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र ही ठोस कदम उठाएगा और उन्हें उनका हक दिलाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button