
तीन महीने में बदल जाएगा रायगढ़ स्टेडियम का रंग-रूप
रायगढ़, जिस तरह से रायगढ़ को अब शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रभावी पहचान दिलाने नालंदा परिसर की शुरुआत की गई है, ठीक उसी तरह रायगढ़ स्टेडियम का रंग-रूप भी बदला जा रहा है। यहां आर्चरी, एथलेटिक्स और रोलबॉल समेत कई खेलों के लिए संसाधन विकास हो रहे हैं। रायगढ़ शहर में एक के बाद एक नए संसाधनों को जुटाने का काम हो रहा है। पहले युवाओं को नालंदा परिसर की सौगात दी गई और अब खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए काम हो रहा है।
रायगढ़ स्टेडियम को संवारने के लिए एक करोड़ से भी ज्यादा राशि के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। टेंडर भी जारी हो चुका है। अब तक रायगढ़ स्टेडियम में क्रिकेट के अलावा बास्केटबॉल, हैंडबॉल आदि खेल होते थे। अब वहां तीरंदाजी, रोलबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स के लिए रनिंग ट्रैक भी बनाया जाएगा। नगर निगम ने करीब 1.09 करोड़ का टेंडर जारी कर दिया है।
इस राशि से ग्राउंड के चारों ओर आरसीसी ड्रेन, टॉयलेट, स्विमिंग पूल का विकास, तीरंदाजी ग्राउंड, सीसीटीवी, रोलबॉल, कबड्डी और ट्रेनिंग ग्राउंड भी बनाया जाएगा। दौड़ के लिए रनिंग ट्रैक अलग से बनेगा। इन निर्माणों का उद्देश्य रायगढ़ के युवाओं को भी खेलों में संभावनाएं तलाश करने में मदद मिलेगी।