
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के बरमकेला विकासखंड के ओडिशा सीमा से लगे ग्राम सांकरा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ग्रामीणों ने सख्त कदम उठाया है। गांव में अवैध शराब और गांजे की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सार्वजनिक बैठक में बड़ा निर्णय लिया गया है। इसके तहत यदि कोई व्यक्ति गांव में अवैध शराब या गांजे की बिक्री करते पकड़ा जाता है, तो उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, ऐसे कारोबार की सूचना देने या आरोपी को पकड़वाने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 11 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए गांव के करीब 70 युवाओं की टीम भी गठित की गई है, जो प्रतिदिन निगरानी करेगी।
ओडिशा सीमा से नजदीकी का उठाया जा रहा था फायदा
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सांकरा बरमकेला जनपद मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित है। पांच हजार से अधिक आबादी वाले इस गांव की भौगोलिक स्थिति ओडिशा सीमा से सटी हुई है। बताया जा रहा है कि सीमा से नजदीकी का फायदा उठाकर कुछ लोग गांव में अवैध शराब और गांजे की सप्लाई कर रहे थे। गांव के गली-मोहल्लों में नशीले पदार्थों की बिक्री बढ़ने से युवा पीढ़ी पर इसके दुष्प्रभाव को लेकर ग्रामीण चिंतित थे।
जगन्नाथ मंदिर परिसर में हुई बैठक, सर्वसम्मति से लिया फैसला
लगातार बढ़ती समस्या को देखते हुए स्थानीय शारदा पूजन समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने पहल की। इसके तहत गांव के जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में सार्वजनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरपंच, पंचगण, बुजुर्गों और युवाओं की मौजूदगी में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सांकरा गांव में अवैध शराब और गांजे का कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों के मुताबिक, सार्वजनिक निर्णय लेने से पहले लगातार तीन दिनों तक अवैध शराब और गांजा बेचने वालों के घर जाकर समझाइश भी दी गई थी। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर ग्रामीणों ने बैठक कर सख्त कदम उठाने का फैसला किया।
अवैध बिक्री पर एक लाख जुर्माना, सूचना देने वाले को 11 हजार का इनाम
ग्रामीणों द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार, गांव में अवैध शराब या गांजे की बिक्री करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति पर एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। वहीं, अवैध कारोबार की सूचना देने अथवा आरोपी को पकड़वाने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
70 युवाओं की टीम करेगी गांव में निगरानी
इस अभियान को केवल बैठक और निर्णय तक सीमित नहीं रखा गया है। शारदा पूजन समिति के विनोद दास, राजू साहू, मोहित प्रधान और संजय प्रधान सहित करीब 70 युवाओं की टोली बनाई गई है। यह टीम प्रतिदिन शाम को गांव के अलग-अलग गली-मोहल्लों में भ्रमण कर निगरानी करेगी, ताकि अवैध शराब और गांजे की बिक्री पर अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस विभाग ने भी की पहल की सराहना
सांकरा गांव की इस पहल को पुलिस विभाग की ओर से भी सराहना मिली है। सरिया थाना प्रभारी सत्यवादी साहू ने बताया कि ग्राम पंचायत सांकरा में नशे के खिलाफ ग्रामीणों द्वारा अच्छी पहल की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि आसपास की ग्राम पंचायत खैरगढ़ी और रिसोरा में भी शराब बिक्री बंद करने को लेकर निर्णय लिए गए हैं। अन्य गांवों में भी इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
नशामुक्त गांव बनाने ग्रामीणों ने उठाई सामूहिक जिम्मेदारी
सांकरा गांव के ग्रामीणों ने नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी उठाते हुए एक नई पहल शुरू की है। अब देखना होगा कि 70 युवाओं की निगरानी टीम, ग्रामीणों की एकजुटता और पुलिस के सहयोग से गांव में अवैध शराब और गांजे के कारोबार पर कितना प्रभावी अंकुश लग पाता है।



