रायगढ़ के युवती को कार में जबरन बैठाकर ले गया युवक, इन्होने समय रहते बचाई जान…

रायगढ़। होली के त्योहार के बीच शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवती को क्रेटा कार सवार युवक ने जबरदस्ती कार में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। इस दौरान इंदिरा विहार चेकपॉइंट पर तैनात यातायात आरक्षक सुनील मिश्रा ने समय रहते वाहन को रोककर युवती को सुरक्षित बचा लिया। इस कार्रवाई से युवती की जान सुरक्षित रही और पुलिस ने मामला पारिवारिक विवाद के रूप में सुलझाया।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम सोशल मीडिया पर युवती के अपहरण की खबर फैलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में मामला आया। एसएसपी ने कंट्रोल रूम के माध्यम से शहर के सभी नाकाबंदी और चेक पोस्टों को संदिग्ध काले रंग की क्रेटा कार की तलाश के निर्देश दिए। संदिग्ध वाहन की तस्वीर विभिन्न पुलिस ग्रुप में साझा की गई।
इसी बीच इंदिरा विहार नो-एंट्री चेकपॉइंट पर तैनात आरक्षक सुनील मिश्रा की नजर संदिग्ध कार पर पड़ी। वाहन शहर की ओर बढ़ रहा था। आरक्षक ने स्टॉपर लगाकर कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार आगे बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने बाइक से पीछा कर कार के सामने अपनी बाइक रखकर वाहन को रोक दिया। कार में बैठे युवकों ने युवती की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया, लेकिन आरक्षक ने स्थिति भांपते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर राकेश मिश्रा, थाना प्रभारी जूटमिल अभिनव कांत सिंह एवं चक्रधरनगर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचे और वाहन को युवती व युवक सहित थाना लाया गया। पूछताछ में युवक-युवती का पारिवारिक और आपसी विवाद का मामला सामने आ रहा है, युवती कार्रवाई नहीं चाहती, इनके बीच झगड़ा विवाद को देखते हुए जूटमिल पुलिस अनावेदक युवक पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है । यातायात जवान सुनील मिश्रा द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर एसएसपी शशिमोहन सिंह द्वारा आरक्षक के उत्साहवर्धन के लिए नगद इनाम दिए जाने की घोषणा की गई है।



