राज्य

डैम में मछली पकड़ना पड़ा भारी: पैर फिसलने से डूबा भांजा, बचाने कूदे मामा की भी मौत, परिवार में पसरा मातम…..

डैम में मछली पकड़ना पड़ा भारी: पैर फिसलने से डूबा भांजा, बचाने कूदे मामा की भी मौत, परिवार में पसरा मातम.....

डैम में मछली पकड़ना पड़ा भारी: पैर फिसलने से डूबा भांजा, बचाने कूदे मामा की भी मौत, परिवार में पसरा मातम…..

धमतरी। माडमसिल्ली क्षेत्र में स्टॉप डैम में डूबने से मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। दोनों की तलाश के लिए मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद उनके शव बरामद किए गए।

मछली पकड़ने गए थे मामा-भांजे

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला माडमसिल्ली के आश्रित ग्राम गेदरापारा का है। कांकेर निवासी लोकेश मंडावी और गेदरापारा निवासी देवकरण रिश्ते में मामा-भांजे थे। बताया जा रहा है कि लोकेश मंडावी गेदरापारा में अपने रिश्तेदार के यहां आए हुए थे। इसी दौरान दोनों गांव के पास स्थित स्टॉप डैम में मछली पकड़ने के लिए चले गए।

भांजा डूबा तो बचाने पानी में कूदा मामा

बताया जा रहा है कि मछली पकड़ने के दौरान अचानक देवकरण का पैर फिसल गया। देखते ही देखते वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भांजे को डूबता देख लोकेश मंडावी ने उसे बचाने के लिए बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी का बहाव तेज होने के कारण लोकेश भी खुद को संभाल नहीं सका। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी संबंधित लोगों को दी, जिसके बाद दोनों की तलाश शुरू की गई।

घटना की सूचना मिलते ही गंगरेल के ब्लू एडवेंचर की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्टॉप डैम में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और काफी देर तक दोनों की तलाश की। घंटों की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने दोनों के शव बरामद कर लिए। दोनों शवों को बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।

हादसे के बाद गांव में पसरा मातम

एक ही हादसे में मामा-भांजे की मौत की खबर से गेदरापारा और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस जगह दोनों मछली पकड़ने गए थे, वहीं कुछ देर बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://sarangarhtimes.in/wp-content/uploads/2026/03/Screenshot-2026-03-31-180014.png
Back to top button