राज्य

नकटी गांव विवाद : कांग्रेस का लोकभवन तक पैदल मार्च कल, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी….

नकटी गांव विवाद : कांग्रेस का लोकभवन तक पैदल मार्च कल, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी....

नकटी गांव विवाद : कांग्रेस का लोकभवन तक पैदल मार्च कल, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी….

 

रायपुर। नवा रायपुर स्थित नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित ग्रामीणों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर विधानसभा के मानसून सत्र के बीच कांग्रेस कल सड़क की लड़ाई लड़ेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता नकटी गांव से पैदल मार्च करते हुए लोकभवन पहुंचेंगे और राज्यपाल रमेन डेका को ज्ञापन सौंपेंगे। कांग्रेस के इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की है। साथी ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

पुलिस कमिश्नरेट अलर्ट, शहर के भीतर की गई तैयारी

कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट पर है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस कमिश्नरेट के दो डीसीपी, दो एसीपी और चार थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे।

करेंसी टावर से तेलीबांधा थाना तिराहा तक सर्विस रोड रहेगा बंद

पुलिस तेलीबांधा वीआईपी चौक के पास सर्विस लेन पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करेगी। इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस की जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक श्री राम मंदिर तिराहा से तेलीबांधा थाना तक यातायात का दबाव अत्यधिक रहने की संभावना है। साथ ही, श्री राम मंदिर तिराहा से तेलीबांधा थाना तिराहा तक सर्विस रोड पूर्ण रूप से बंद रहेगा। अतः आमजन से अनुरोध है कि महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले श्री राम मंदिर तिराहा से तेलीबांधा थाना तिराहा तक केवल मुख्य मार्ग का प्रयोग करें। अनावश्यक रूप से सर्विस रोड का उपयोग करने से बचें।

कांग्रेस का प्लान: नकटी से राजभवन तक पैदल मार्च

कांग्रेस संचार विभाग के चेयरमैन सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि रायपुर शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस के तत्वावधान में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया है। दीपक बैज सुबह 9 बजे ग्राम नकटी से पदयात्रा शुरू करेंगे। सैकड़ों पीड़ित ग्रामीण और कांग्रेसी कार्यकर्ता उनके साथ राजभवन की ओर कूच करेंगे।

शुक्ला ने कहा “हमने नकटी गांव के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए राज्यपाल से समय मांगा था। लेकिन अब तक समय नहीं मिला। इसलिए हम ग्रामीणों की आवाज उठाने और उन्हें उनका हक दिलाने के लिए खुद राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। जब तक नकटी के ग्रामीणों को न्याय नहीं मिल जाता, कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी।”

मानसून सत्र में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ विधानसभा में अभी मानसून सत्र जारी है। इस दौरान नकटी गांव की कार्रवाई को लेकर सदन के भीतर कांग्रेस बेहद आक्रामक रुख अपनाई हुई है। कांग्रेस ने सदन के भीतर नकटी गांव का मामला उठाकर बहस के दौरान जमकर हंगामा भी किया है। मानसून सत्र के दौरान यह पदयात्रा सरकार को विपक्ष के निशाने पर ला सकती है। देखना होगा कि राज्यपाल कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को समय देते हैं या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://sarangarhtimes.in/wp-content/uploads/2026/03/Screenshot-2026-03-31-180014.png
Back to top button