
रायपुर : अंधला में नवीन धान खरीदी केंद्र खुलने से 745 किसानों को मिली बड़ी राहत, अब गांव के नजदीक बेच रहे अपनी उपज
3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी से किसानों को मिल रहा आर्थिक संबल, किसान दिनेश साहू ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
चार ग्राम पंचायतों और तीन आश्रित गांवों के किसान लाभान्वित, परिवहन खर्च और समय की हो रही बचतधान की तौलाई और भराई का कार्य तेजी से हो रहा पूरा, किसानों को अनावश्यक इंतजार से मिली मुक्तिमुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ ही धान उपार्जन की प्रक्रिया को सरल, सहज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में नवीन धान खरीदी केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अंधला में नवीन धान खरीदी केंद्र की शुरुआत से क्षेत्र के 745 पंजीकृत किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब किसान अपने गांव के नजदीक ही धान का विक्रय कर पा रहे हैं, जिससे उनके समय और परिवहन खर्च की बचत हो रही है।
नवीन धान खरीदी केंद्र से चार ग्राम पंचायतों अंधला, अमगसी, नरकालो एवं जुड़वानी सहित तीन आश्रित गांवों चुकनडांड, हंसडांड एवं बनखेता के किसान लाभान्वित हो रहे हैं। पहले इन गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर स्थित धान उपार्जन केंद्रों तक जाना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से किसानों की वर्षों से चली आ रही आवागमन और परिवहन संबंधी परेशानी दूर हुई है।नजदीक में खरीदी केंद्र खुलने से परिवहन खर्च में हो रही बचत
अंधला में नवीन धान खरीदी केंद्र प्रारंभ होने से किसानों को अपनी उपज के परिवहन में होने वाले अतिरिक्त खर्च से राहत मिली है। पहले किसानों को धान बेचने के लिए दूर जाना पड़ता था, जिसमें अधिक समय और धन खर्च होता था। अब गांव के नजदीक ही धान विक्रय की सुविधा मिलने से किसानों के लिए उपार्जन की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक हो गई है।भीड़ और अनावश्यक इंतजार से मिली राहत, तेजी से हो रही धान की तौलाई
नवीन धान खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। केंद्र में धान की तौलाई एवं भराई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इससे किसानों को अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है और वे समय पर अपनी उपज बेचकर अन्य कृषि कार्यों के लिए समय निकाल पा रहे हैं।किसान दिनेश साहू ने साझा किया अपना अनुभव, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभारकृषक श्री दिनेश साहू ने बताया कि वे मूल रूप से लखनपुर के निवासी हैं, लेकिन उनकी कृषि भूमि अंधला एवं कुंवरपुर क्षेत्र में स्थित है। पहले उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए लखनपुर जाना पड़ता था। अब अंधला में नवीन धान खरीदी केंद्र खुल जाने से जिस क्षेत्र में वे धान का उत्पादन करते हैं, उसी के नजदीक अपनी उपज बेच पा रहे हैं। इससे परिवहन की परेशानी दूर होने के साथ ही अतिरिक्त खर्च की भी बचत हो रही है।
श्री साहू ने बताया कि नवीन खरीदी केंद्र में भीड़ कम होने से धान की तौलाई और भराई का कार्य तेजी से पूरा हो रहा है। केंद्र में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा भी किसानों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नवीन धान खरीदी केंद्र प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी से किसानों को मिल रही आर्थिक मजबूती
कृषक श्री दिनेश साहू ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल की सीमा तक 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किया जाना किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय है। एकमुश्त भुगतान की व्यवस्था से भी किसानों को आर्थिक सहूलियत मिल रही है। उन्होंने किसान हितैषी निर्णयों के लिए राज्य सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।अंधला में नवीन धान खरीदी केंद्र की शुरुआत ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि सुविधाओं के विस्तार और किसानों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे चार ग्राम पंचायतों एवं तीन आश्रित गांवों के 745 पंजीकृत किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। शासन की इस पहल से धान उपार्जन की प्रक्रिया अधिक सुगम होने के साथ ही किसानों को आर्थिक राहत भी मिल रही है।



