जिला- सारंगढ़ बिलाईगढ़

एक साल बाद भी नहीं मिला बीमा क्लेम, वृद्ध मां ने एसबीआई प्रबंधन से लगाई गुहार

एक साल बाद भी नहीं मिला बीमा क्लेम, वृद्ध मां ने एसबीआई प्रबंधन से लगाई गुहार

एक साल बाद भी नहीं मिला बीमा क्लेम, वृद्ध मां ने एसबीआई प्रबंधन से लगाई गुहार

सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/साल्हेओना,
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) के तहत बीमा राशि के भुगतान में देरी का मामला सामनेआया है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरपाली गांव की निवासी चंचला पटेल ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की सरिया शाखा के शाखा प्रबंधक को आवेदन सौंपकर अपने दिवंगत पुत्र जयप्रकाश पटेल के बीमा क्लेम का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, जयप्रकाश पटेल ने अपने जीवनकाल में एसबीआई सरिया शाखा स्थित खाते से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ लिया था। उनकी मृत्यु के बाद उनकी माता चंचला पटेल ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ लगभग एक वर्ष पूर्व बीमा दावा प्रस्तुत किया था। आरोप है कि इसके बावजूद आज तक क्लेम प्रकरण में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

चंचला पटेल ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि वह कई बार बैंक शाखा पहुंचकर मामले की जानकारी ले चुकी हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि बैंक की ओर से दस्तावेज गुम होने की बात कही गई, जबकि सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्व में जमा किए जा चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया है कि राष्ट्रीयकृत बैंक जैसी संस्था में महत्वपूर्ण दस्तावेजों के गुम होने की बात समझ से परे है।

वृद्ध महिला ने बताया कि परिवार में अब उनकी देखभाल और सहयोग करने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं है। ऐसे में उन्हें हर बार रिश्तेदारों की मदद लेकर बैंक आना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन में उन्होंने शाखा प्रबंधक से दस्तावेजों की खोज कर बीमा क्लेम की प्रक्रिया को तत्काल आगे बढ़ाने तथा पात्र बीमा राशि का भुगतान कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह उचित मंच पर शिकायत दर्ज कराने के लिए बाध्य होंगी। इस संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि एसबीआई भोपाल, भारतीय रिजर्व बैंक रायपुर तथा कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ को भी भेजी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://sarangarhtimes.in/wp-content/uploads/2026/03/Screenshot-2026-03-31-180014.png
Back to top button