
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम की भव्य सफलता पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने जताया आभार
सारंगढ़। भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विशाल रैली एवं जनसभा की भव्य सफलता के बाद कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने सभी जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, आम नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

सारंगढ़ के मंडी प्रांगण से प्रारंभ हुई विशाल रैली सदर बाजार होते हुए रानी लक्ष्मीबाई कार्यक्रम स्थल पहुंची, जहां जनसभा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। रैली में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ के नारों से शहर का वातावरण गूंजायमान रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता वेद राम जांगड़े सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सामूहिक जिम्मेदारी और संगठनात्मक एकजुटता से सफल हुआ आयोजन
प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर कार्यक्रम के प्रमुख संयोजक बनाये गए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि इस भव्य आयोजन की सफलता किसी एक व्यक्ति या पदाधिकारी का परिणाम नहीं, बल्कि पूरे संगठन की सामूहिक मेहनत, समर्पण और जिम्मेदारी का प्रतिफल है। पार्टी के सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों, मंडल पदाधिकारियों, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह, अनुशासन और एकजुटता के साथ कार्यक्रम की तैयारियों से लेकर रैली एवं जनसभा के संचालन तक अपनी जिम्मेदारी निभाई, वह संगठन की मजबूती और सामूहिक नेतृत्व का परिचायक है।
आम जनता की भागीदारी ने बनाया आयोजन को विशेष
संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। क्षेत्र के लोगों ने स्वयं आगे आकर बड़ी संख्या में रैली एवं जनसभा में हिस्सा लिया। इससे लोकतांत्रिक मूल्यों, जनभागीदारी और लोकतंत्र की मजबूती के प्रति आम जनमानस में जागरूकता का संदेश पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल राजनीतिक व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी, अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों से जुड़ी व्यवस्था है। इसकी मजबूती हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मीडिया प्रतिनिधियों का भी जताया विशेष आभार
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कार्यक्रम को अपने समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक कवरेज प्रदान करने वाले समस्त संपादकों, पत्रकार बंधुओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकारों ने अपनी सक्रियता एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से कार्यक्रम की गतिविधियों, जनभागीदारी और आयोजन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में संजय भूषण पाण्डेय ने सभी अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों, मंडल एवं जिला स्तर के कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, आम नागरिकों और मीडिया जगत के प्रति पुनः हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सारंगढ़ का यह आयोजन संगठनात्मक एकजुटता, सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी की एक यादगार मिसाल बनकर रहेगा।



