

सारंगढ़ में रेल लाईन के सहारे विधानसभा में जीत के समीकरण तलाशनें में जुटी भाजपा
प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने टटोले कार्यकर्ताओ के नब्ज,
रेल लाईन बड़ा मुद्दा बन चुका है सारंगढ़ अंचल में,
आज ही गोमती साय पहुंच गई रेल मंत्री के पास
सारंगढ़ में रेल सुविधा शीघ्र देने की कर दी मांग,
सारंगढ़,
छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने सारंगढ़ में आयोजित अपने व्यस्त कार्यक्रम में कार्यकर्ताओ के साथ आगामी चुनावी मुद्दो पर भी गहन चर्चा किया जिसमे सारंगढ़ में रेल सुविधा एक बड़ी मांग के रूप में निकलकर सामने आया है। वही इस मुद्दे की गंभीरता को समझते हुए आज लोकसभा सांसद गोमती साय केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सारंगढ़ में रेल सुविधा तत्काल प्रदान करने की मांग कर दिया। इस घटना से ऐसा लग रहा है कि विधानसभा चुनाव में भाजपा सारंगढ़ मे रेल लाईन के सहारे विधानसभा में जीत का समीकरण तलाशने में जुट गई है।
राज्य की कांग्रेस सरकार के द्वारा सारंगढ़-बिलाईगढ़ नवीन जिला बनाये जाने के बाद से ही सारंगढ़ अंचल में भाजपा बैकफुट मे दिख रही है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओ के बीच चुनावी वैतरणी पार करने के लिये भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव अपने एक दिवसीय दौरे पर सारंगढ़ विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओ और पदाधिकारियो से विधानसभा चुनाव में चुनावी मुद्दो पर खुलकर चर्चा किया। बताया जा रहा है कि अधिकांश पार्टी कार्यकर्ताओ ने सारंगढ़ अंचल में रेल लाईन के मुद्दे को आगे कर दिया। बताया जा रहा है कि भाजपा के बड़े चेहरो से लेकर छोटे कार्यकर्ताओ ने रायपुर-सारंगढ़-झारसुगड़ा रेल लाईन का मुद्दा को सारंगढ़ विधानसभा चुनाव में भी बड़ा मुद्दा बताया है। इस महत्वपूर्ण चुनावी मुद्दा के सहारे सारंगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा अपना जीत देख रही है इस कारण से प्रदेशाध्यक्ष के ईशारा मिलते ही रायगढ़ सांसद गोमती साय आज दिल्ली मे केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सारंगढ़ अंचल में रेल सुविधा की मांग की। अब तक जशपुर और फरसाबहार के लिये ही रेल सुविधा की मांग करने वाली सांसद गोमती साय का आज रेल मंत्री से मुलाकात में सुर काफी बदला हुआ था और सारंगढ़ अंचल मे रेल सुविधा को लेकर प्रबलता के साथ अपनी मांग रखी। बताया जा रहा है कि गोमती साय के द्वारा सारंगढ़ अंचल को उपेक्षित रखने और रेल सुविधा को पूरा नही कराने को लेकर प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव के समक्ष ढेंरो शिकायते किया गया जिसके बाद प्रदेशाध्यक्ष के निर्देश पर सारंगढ़ में रेल सुविधा को लेकर सांसद गोमती को तत्काल सक्रिय होने का फरमान दिया गया जिसके कारण से सारंगढ़ में रेल सुविधा को लेकर गोमती साय दिल्ली में सक्रिय हो गई।
कांग्रेस का जिला तो भाजपा का रेल!
सारंगढ़ अंचल में वर्षो पुरानी जिला की मांग को पूरा कर कांग्रेस ने सारंगढ अंचल में बड़ा दांव खेला है। लगभग 72 वर्ष पुरानी मांग को पूरा कर कांग्रेस ने सारंगढ़ विधानसभा और बिलाईगढ़ विधानसभा मे जीत दर्ज करने के लिये कमर कस लिया है। ऐसे में भाजपा के पास कांग्रेस के इस दांव को कोई जवाब नही सूझ रहा था। इस परस्थितियो मे भाजपा कार्यकर्ताओ ने सारंगढ़ में स्वीकृति किन्तु फाईलो में धूल खा रही रायपुर-सारंगढ़-झारसुगड़ा रेल लाईन को पूरा कराने की मांग करने लगे। किन्तु सारंगढ़ से दूरी बनाकर रखी सांसद गोमती साय सारंगढ़ में रेल लाईन को लेकर कभी गंभीर नजर नही आई। इस कारण से प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव के आयोजन में अधिकांश कार्यकर्ताओ ने सारंगढ़ में रेल लाईन की सुविधा को प्रदान की मांग किया।
जमकर हुई सांसद गोमती साय की शिकायत
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव के सांरगढ़ प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओ ने सांसद गोमती साय की जमकर शिकायत किया। सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार जहा पर कांग्रेस के जनपद सदस्य निर्विरोध चुनकर आये है वैसे स्थानो पर ही सांसद गोमती साय का फंड का मनमानी वितरण हुआ है। साथ ही गत 7 माह से सांसद गोमती साय सारंगढ़ अंचल से दूरी बनाकर रखे है। जिससे कार्यकर्ताओ मे गहरा आक्रोश है। इन्ही सभी कारणो से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के समक्ष सांसद गोमती साय का जमकर शिकायत किया गया है।
जशपुर एवं सारंगढ़ रेल लाइन की स्वीकृति को लेकर सांसद गोमती साय मिली केंद्रीय रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव से
जशपुर एवं सारंगढ़ जिले में रेलवे लाईन बिछने का सपना सच करने का उद्देश्य लेकर क्षेत्र की सांसद गोमती साय ने केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात की ओर उनके सामने जशपुर एवं सारंगढ़ जिले में रेलवे के जरूरी मांगो को दोहराते हुए बताया कि मेरे रायगढ़ संसदीय क्षेत्र अंतर्गत जशपुर एवं सारंगढ़ जिले रेल लाइन से अछूते है। श्रीमती साय ने सारंगढ़ को जोड़ने के लिए बलौदाबाजार – सारंगढ़ – झारसुगुड़ा रेल लाइन एवं जशपुर जिले को जोड़ने के लिए कोरबा – पत्थलगांव – लोहरदगा, धर्मजयगढ़ – लैलूंगा – लोहरदगा, एवं अंबिकापुर – बगीचा – झारसुगुड़ा रेल लाईन को स्वीकृति देने के लिए रेल मंत्री के हाथ सभी रेल लाइन की मांग का अलग – अलग पत्र भी सौंपा।
केंद्रीय रेलमंत्री श्री वैष्णव ने श्रीमती साय के मांग पत्र पर गंभीरता दिखाते हुए कहा कि ये सभी आवश्यक रेल लाइन है। मैं इन पर अवश्य ही कार्य करूंगा। साथ ही रेलवे के अधिकारियों को जानकारी के लिए निर्देशित भी किया। श्रीमती गोमती साय लगातार जशपुर एवं सारंगढ़ में रेल लाईन को लेकर देश के सबसे बड़े सदन संसद में कई बार आवाज उठाई और देश के केंद्रीय रेलमंत्री के सामने भी इस मांग को उठाया। इनके कई बार के प्रयासों के बाद कोरबा से लोहरदगा रेल लाईन का सर्वे भी शुरू हो गया लेकिन इस प्रोसेस को गति देने के लिए इस बार वह रेल मंत्री से दुबारा मिली और फिर से रेल मंत्री को एक पत्र देकर जिले में रेल की जरूरतों से अवगत कराया। विदित हो कि कुछ माह पहले लोहरदगा से कोरबा तक रेल लाईन के सर्वे की स्वीकृति मिल चुकी है इस तरह इस लाईन का 2 बार सर्वे भी हो चुका है।माना जा रहा है कि एक और सर्वे के बाद ग्रास रूट पर काम भी शुरू हो जाएगा।