
रायगढ़ के राइस मिल में हादसा: वेल्डिंग के दौरान लगी आग, मजदूर 90 प्रतिशत झुलसा, गंभीर हालत में रायपुर किया गया रेफर…..

रायगढ़। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत छातामुड़ा–सहदेवपाली के पास स्थित सावित्री राइस मिल में बड़ा हादसा हो गया। साइकलोन वेल्डिंग मशीन काटने के दौरान निकली चिंगारी से अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ठेकेदार का हाथ झुलस गया, जबकि एक मजदूर मोहम्मद तासिम गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, वह करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गया है, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूर को तत्काल रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं परिजनों ने बेहतर उपचार की मांग उठाई है और प्रशासन से उचित सहायता की अपील की है।
सूचना मिलते ही जूटमिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वेल्डिंग कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी से यह हादसा हुआ माना जा रहा है।



