SARANGARH NEWS जिला पंचायत चुनाव: यशवंत नायक ने क्षेत्र क्रमांक 2 से भाजपा का समर्थन मांगा
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2 से उम्मीदवार यशवंत नायक ने भारतीय जनता पार्टी के समर्थन के लिए अपना आवेदन प्रस्तुत किया है। यह आवेदन सारंगढ़ जिला प्रभारी डॉ. जवाहर नायक, बरमकेला मंडल भाजपा के चुनाव प्रभारी द्वारका प्रसाद साहू और मंडल भाजपा अध्यक्ष मनोहर पटेल को सौंपा गया। यशवंत नायक ने इस अवसर पर जनता और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद और समर्थन की
अपील की। यशवंत नायक ने बताया कि वह समाज और क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पित हैं। वे वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं और पार्टी के सदस्यता अभियान के अंतर्गत 6,169 नए सदस्य जोड़नेका महत्वपूर्ण कार्य कर चुके हैं। उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की पंचायत व्यवस्था को मजबूत करना और सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीण जनता तक पहुंचाना है। आवेदन के दौरान यशवंत नायक ने अपने पिछले कार्यों का उल्लेख किया।
इनमें 2013 और 2018 के चुनावों के दौरान पार्टी के लिए किए गए सक्रिय कार्य और पंचायत क्षेत्र के 22 गांवों में विभिन्न विकास परियोजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने की भूमिका शामिल है। उन्होंने शिक्षा और समाज सेवा में अपनी प्रतिबद्धता को भी व्यक्त किया। यशवंत नायक ने कहा, "मेरी कोशिश रहेगी कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं और प्रदेश सरकार की नीतियों को अपने क्षेत्र में लागू करूं, ताकि विकास की नई संभावनाएं साकार हो सकें। मैं समाज को जोड़ने और विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत हूं।" यशवंत नायक का यह कदम क्षेत्र में उनके बढ़ते प्रभाव और आगामी पंचायत चुनावों में उनकी मजबूत दावेदारी को दर्शाता है। उन्होंने जनता से समर्थन और आशीर्वाद की अपील करते हुए विश्वास जताया कि उनकी सेवा भावना और पार्टी के प्रति समर्पण से उन्हें सफलता मिलेगी।