
बरमकेला क्षेत्र में अवैध क्लिनिकों का बढ़ता जाल, खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया स्वास्थ्य महकमा; अन्य गांवों में संचालित क्लिनिकों पर कार्रवाई कब?
सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/साल्हेओना। बरमकेला विकासखंड में झोलाछाप डॉक्टरों के बढ़ते कारोबार और ग्रामीणों की जिंदगी से कथित खिलवाड़ का मुद्दा उठने के बाद आखिरकार स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है। झोलाछाप डॉक्टरों की मनमानी और विभागीय कार्रवाई में कथित ढिलाई को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम ने समीपस्थ ग्राम बिलाईगढ़-अ में संचालित पुरुषोत्तम पटेल के क्लिनिक पर दबिश दी। टीम ने क्लिनिक की जांच के दौरान कुछ इंजेक्शन, टेबलेट और चिकित्सा सामग्री बरामद कर जब्त करने की कार्रवाई की। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से क्लिनिक संचालित करने वालों में हलचल मची हुई है।
गौरतलब है कि बरमकेला क्षेत्र के कई गांवों में लंबे समय से झोलाछाप डॉक्टरों के सक्रिय होने और बिना पर्याप्त चिकित्सकीय योग्यता के इलाज किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ऐसे कथित डॉक्टर सामान्य बीमारियों से लेकर गंभीर रोगों तक का इलाज करने का दावा करते हैं। कई जगहों पर महंगी दवाइयां, इंजेक्शन और विटामिन के नाम पर मरीजों से मोटी रकम वसूले जाने की भी शिकायतें हैं। इस गंभीर मुद्दे को लेकर 25 नवंबर के अंक में ‘झोलाछाप डॉक्टरों पर विभाग की मेहरबानी, नहीं हो रही कार्रवाई’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम मौके पर पहुंची और जांच की कार्रवाई की।
जांच टीम ने क्लिनिक से सामग्री की जब्ती की
मिली जानकारी के अनुसार, जांच टीम ने ग्राम बिलाईगढ़-अ में पुरुषोत्तम पटेल के क्लिनिक को खुलवाकर वहां उपलब्ध दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की जांच की। इस दौरान कुछ टेबलेट, इंजेक्शन, सुई और डिस्पोजेबल सामग्री बरामद हुई, जिन्हें जब्त किया गया। जांच टीम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरिया के चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ शर्मा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोंदा के सेक्टर प्रभारी संतोष प्रधान तथा सेक्टर पर्यवेक्षक दुर्गेश मेहर शामिल थे।
क्या कहते हैं जांच अधिकारी?
जांच अधिकारी डॉ. ऋषभ शर्मा ने बताया कि सूचना के आधार पर संबंधित क्लिनिक की जांच की गई है। जांच के दौरान टेबलेट, सुई और डिस्पोजेबल सामग्री बरामद हुई है। इस संबंध में जांच प्रतिवेदन तैयार कर खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) को सौंपा जाएगा। आगे की कार्रवाई विभागीय स्तर पर की जाएगी।
टीम के पहुंचने से पहले हटाए गए उपकरण और दवाइयां?
इस कार्रवाई के बाद एक सवाल यह भी उठ रहा है कि जिस क्लिनिक में घुटनों के दर्द सहित अन्य बीमारियों का इलाज किए जाने की शिकायतें थीं, वहां जांच के दौरान केवल कुछ टेबलेट और सामान्य चिकित्सा सामग्री ही क्यों मिली? ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचने से पहले ही क्लिनिक से कई उपकरण और दवाइयां हटा दी गई होंगी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में जांच के दौरान क्लिनिक में उपलब्ध सामग्री के साथ-साथ वहां पूर्व में किए जा रहे इलाज और चिकित्सकीय गतिविधियों की भी पड़ताल जरूरी है।
गांव-गांव में फैला झोलाछाप डॉक्टरों का जाल, जिला अधिकारी कब लेंगे संज्ञान?
बरमकेला क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों की संख्या लगातार बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। मानिकपुर बड़े, साल्हेओना, गोबरसिंहा, बोंदा, तौंसीर, बड़े नवापारा सहित कई गांवों में कथित तौर पर अवैध क्लिनिक संचालित होने की बात ग्रामीणों द्वारा कही जा रही है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब स्वास्थ्य विभाग के पास ऐसे कथित क्लिनिक संचालित करने वालों की जानकारी और सूची उपलब्ध है, तो अब तक व्यापक स्तर पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
सिर्फ एक क्लिनिक पर दबिश देकर कार्रवाई की औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं होगा। जरूरत इस बात की है कि पूरे विकासखंड में अभियान चलाकर ऐसे सभी क्लिनिकों की जांच की जाए और बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के इलाज करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई हो।
क्या झोलाछाप डॉक्टरों को मिल रहा है राजनीतिक संरक्षण?
क्षेत्र में लंबे समय से कथित अवैध क्लिनिक संचालित होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अब राजनीतिक संरक्षण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर किन परिस्थितियों में ऐसे क्लिनिक बेखौफ संचालित हो रहे हैं? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इनकी जानकारी नहीं है, या फिर किसी दबाव के चलते कार्रवाई सीमित रह जाती है? हालांकि राजनीतिक संरक्षण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इन सवालों का जवाब स्वास्थ्य विभाग को देना चाहिए।
ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा यह मामला किसी एक गांव या एक क्लिनिक तक सीमित नहीं है। अब निगाहें जिला स्वास्थ्य अधिकारी और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं कि वे इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या पूरे जिले में झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा, या फिर खबर प्रकाशित होने के बाद एक-दो कार्रवाई कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा? ग्रामीणों को अब आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस और नियमित कार्रवाई की दरकार है।



