
दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था युवक, मंगलवार से जारी थी तलाश; बुधवार सुबह ग्रामीण तैराकों ने गहरे पानी से निकाला शव
सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के गोमर्डा अभ्यारण्य क्षेत्र अंतर्गत मौहाढोड़ा के पास लात नाला में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। करीब 14 घंटे तक चली तलाश के बाद बुधवार सुबह युवक का शव नाले के गहरे पानी में पेड़ के नीचे मिला। स्थानीय ग्रामीण तैराकों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी कनकबीरा क्षेत्र के ग्राम नरेश नगर के कुछ युवक मंगलवार सुबह पिकनिक मनाने लात नाला पहुंचे थे। वहां कुछ युवक नहाने में व्यस्त थे, जबकि तीन-चार साथी खाना बनाने में लगे हुए थे। इसी दौरान राकेश सिदार पिता बृजलाल सिदार (22 वर्ष) भी नाले में नहाने चला गया। बताया जा रहा है कि खाना बना रहे दोस्तों ने उसे नाले के किनारे स्थित जामुन के पेड़ पर चढ़ते हुए देखा था, लेकिन वह कब पानी में कूदा, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
कुछ देर बाद जब सभी साथी खाना खाने के लिए एकत्रित हुए तो राकेश वहां नजर नहीं आया। दोस्तों ने आसपास आवाज लगाकर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बताया जा रहा है कि राकेश मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित था। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद उसके साथी गांव लौटे और परिजनों तथा ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
युवक के लापता होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने टीम बनाकर मंगलवार से ही लात नाला और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान शुरू कर दिया। देर रात तक लगातार खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच घटना की सूचना पुलिस चौकी कनकबीरा को भी दी गई। बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान नाले के गहरे पानी में पेड़ के नीचे राकेश का शव दिखाई दिया। स्थानीय ग्रामीण तैराकों ने काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर व्याप्त है।



