
सारंगढ़ महल में चाय पर चर्चा के दौरान खोरीगांव सरपंच तिलक नायक ने उठाया क्षेत्रीय सम्मान और राजनीतिक पहचान का मुद्दा, जिला गठन के समय भी बरमकेला का नाम शामिल नहीं होने पर हुआ था विवाद
सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/सारंगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के सारंगढ़ प्रवास के दौरान सारंगढ़ महल में चाय पर चर्चा के बीच जिले के नामकरण को लेकर एक नई राजनीतिक और क्षेत्रीय मांग सामने आई है। ग्राम पंचायत खोरीगांव के सरपंच तिलक नायक (महाजन बोबा) ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नाम में बरमकेला क्षेत्र को भी शामिल करने की मांग उठाते हुए आगामी कांग्रेस सरकार बनने पर जिले का नाम बदलकर ‘सारंगढ़-बिलाईगढ़-बरमकेला जिला’ रखने का प्रस्ताव रखा। उनकी इस मांग ने एक बार फिर जिले के नामकरण और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को लेकर पुरानी बहस को चर्चा में ला दिया है।
सारंगढ़ महल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के साथ हुई चाय पर चर्चा के दौरान तिलक नायक ने बरमकेला क्षेत्र की राजनीतिक सक्रियता, कांग्रेस के प्रति योगदान और क्षेत्र की अलग पहचान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बरमकेला क्षेत्र ने कांग्रेस पार्टी को हमेशा मजबूती प्रदान की है। विधानसभा चुनाव में भी इस क्षेत्र की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। लोकप्रिय विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े को लगातार दूसरी बार विधायक बनाने में बरमकेला क्षेत्र के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अहम योगदान रहा है। ऐसे में जिले के नामकरण में बरमकेला क्षेत्र की पहचान को भी उचित स्थान मिलना चाहिए।
राजनीतिक योगदान के अनुरूप सम्मान की मांग
तिलक नायक का कहना है कि बरमकेला क्षेत्र केवल भौगोलिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक रूप से भी जिले का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कांग्रेस पार्टी को मजबूती देने और चुनावी सफलता में इस क्षेत्र की लगातार भागीदारी रही है। इसके बावजूद जिले के नामकरण में बरमकेला का उल्लेख नहीं होना क्षेत्र की पहचान को अधूरा छोड़ने जैसा है। उन्होंने मांग रखी कि भविष्य में यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो जिले के नामकरण पर पुनर्विचार कर ‘सारंगढ़-बिलाईगढ़-बरमकेला’ नाम किया जाए, ताकि जिले के तीनों प्रमुख क्षेत्रों को समान रूप से पहचान और सम्मान मिल सके।
जिला गठन के समय भी उठा था नामकरण का विवाद
गौरतलब है कि जब सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का गठन हुआ था, उस समय भी जिले के नाम में बरमकेला का उल्लेख नहीं होने को लेकर क्षेत्र में असंतोष और विवाद की स्थिति बनी थी। बरमकेला क्षेत्र के लोगों का एक वर्ग लंबे समय से यह मानता रहा है कि जिले की पहचान तय करते समय इस क्षेत्र को भी पर्याप्त महत्व दिया जाना चाहिए था। हालांकि समय के साथ यह मुद्दा कुछ हद तक शांत हो गया था, लेकिन अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के प्रवास के दौरान दोबारा यह मांग उठने से नामकरण का मुद्दा फिर सुर्खियों में आ गया है।
क्या फिर गरमाएगी क्षेत्रीय पहचान की राजनीति?
सारंगढ़ महल में चाय पर चर्चा के दौरान रखी गई यह मांग फिलहाल एक क्षेत्रीय प्रतिनिधि की राजनीतिक और सामाजिक अपेक्षा के रूप में सामने आई है। हालांकि इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की ओर से कोई औपचारिक निर्णय या घोषणा सामने नहीं आई है, लेकिन इस मांग ने जिले के भीतर क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और पहचान को लेकर नई बहस की संभावनाएं पैदा कर दी हैं।
अब देखना होगा कि बरमकेला क्षेत्र को जिले के नामकरण में शामिल करने की यह मांग केवल राजनीतिक चर्चा तक सीमित रहती है या आने वाले समय में इसे व्यापक जनसमर्थन और राजनीतिक मुद्दे के रूप में आगे बढ़ाया जाता है। इतना तय है कि जिला गठन के समय से चला आ रहा यह सवाल एक बार फिर क्षेत्रीय राजनीति के केंद्र में आने लगा है।



