
रायगढ़ की युवती से इंस्टाग्राम पर प्रेमजाल में फंसाकर उसकी निजी फोटो एवं वीडियो हासिल कर ब्लैकमेल करने वाला अपराधी बिहार से गिरफ्तार…..

रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी ने युवती को प्रेमजाल में फंसाकर उसकी निजी फोटो एवं वीडियो हासिल किए, फिर APK फाइल के माध्यम से मोबाइल का एक्सेस लेकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया और 13 हजार की रकम भी वसूल ली। लैलूंगा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने थाना साइबर में शिकायत दर्ज कराई। युवती ने बताया कि लगभग छह वर्ष पहले उसकी इंस्टाग्राम पर एक अज्ञात व्यक्ति से पहचान हुई थी, जिसने अपना नाम अविनाश उर्फ राजा निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने विश्वास में लेकर उससे निजी फोटो एवं वीडियो मंगवाए। कुछ समय बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया और उसने युवती को एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भेजी। आरोपी के कहने पर युवती ने फाइल डाउनलोड कर उसका एक्सेस कोड भी साझा कर दिया।
मोबाइल का एक्सेस मिलने के बाद आरोपी ने युवती की निजी जानकारी, फोटो, वीडियो और कॉन्टैक्ट लिस्ट हासिल कर ली। इसके बाद वह सोशल मीडिया और परिवार के सदस्यों को अंतरंग फोटो-वीडियो भेजने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग करने लगा। भयवश युवती ने आरोपी के पेटीएम खाते में कुल 13,000 भेज दिए। इसके बावजूद आरोपी ब्लैकमेल करता रहा तथा युवती के परिजनों से संपर्क कर उसे बदनाम करने का प्रयास किया। शिकायत पर थाना साइबर में अपराध क्रमांक 10/2026 के तहत धारा 308(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 66(D) आईटी एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक ने तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी द्वारा उपयोग किए गए आईपी एड्रेस एवं अन्य डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए। पूरी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को अवगत कराई गई, जिनके निर्देश पर विशेष पुलिस टीम तत्काल बिहार रवाना की गई।
साइबर पुलिस टीम ने जिला मुजफ्फरपुर के थाना बेला क्षेत्र में आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी अविनाश चौधरी (20 वर्ष) ने अपराध स्वीकार करते हुए युवती से 13 हजार प्राप्त करना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने यूट्यूब से हैकिंग के तरीके सीखकर इस प्रकार का अपराध किया था। गिरफ्तार आरोपी अविनाश चौधरी पिता रमेश चौधरी, उम्र 20 वर्ष, वर्तमान पता – बर चौक, बेला, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) तथा स्थायी पता – जाफराबाद, खजहाचक उर्फ सहदेपुर, थाना लालगंज, जिला वैशाली (बिहार)



