
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जारी किए दिशा-निर्देश, 31 जनवरी तक पोर्टल पर अपलोड करने होंगे विद्यार्थियों के अंक; बाहरी परीक्षक की नियुक्ति मंडल करेगा
सारंगढ़ टाइम्स / न्यूज।
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी तेज कर दी है। मंडल द्वारा शैक्षणिक सत्र की प्रायोगिक परीक्षाओं एवं प्रोजेक्ट वर्क के लिए तिथियां जारी कर दी गई हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों में 1 जनवरी 2027 से प्रायोगिक परीक्षाएं शुरू होंगी, जो 20 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सभी प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
31 जनवरी तक पोर्टल पर अपलोड करने होंगे अंक
मंडल के निर्देशानुसार प्रायोगिक परीक्षाएं पूरी होने के बाद विद्यार्थियों के प्राप्तांक 31 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। स्कूलों को अंक अपलोड करते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि एक बार अंक दर्ज होने के बाद त्रुटि सुधार के लिए दोबारा संशोधन का अवसर नहीं मिलेगा।
निर्धारित समय-सीमा में विद्यार्थियों के अंक पोर्टल पर अपलोड नहीं करने की स्थिति में संबंधित शैक्षणिक संस्थान को प्रतिदिन एक हजार रुपये की दर से विलंब शुल्क देना होगा। ऐसे में स्कूल प्रबंधन को निर्धारित समय-सीमा के भीतर परीक्षा और ऑनलाइन अंक प्रविष्टि की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
प्रायोगिक परीक्षा में बाहरी परीक्षक अनिवार्य
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने प्रायोगिक परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बाहरी परीक्षक की नियुक्ति अनिवार्य की है। बाह्य परीक्षक की नियुक्ति स्वयं माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा की जाएगी। यदि किसी विद्यालय द्वारा अपनी ओर से बाहरी परीक्षक नियुक्त किया जाता है, तो संबंधित प्रायोगिक परीक्षा अमान्य घोषित की जा सकती है।
वहीं, प्रोजेक्ट वर्क का मूल्यांकन संबंधित विद्यालय के शिक्षकों द्वारा ही किया जाएगा। मंडल ने स्कूलों को प्रायोगिक कार्यों के लिए पिछले वर्ष की शेष बची हुई उत्तरपुस्तिकाओं का उपयोग करने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्य परीक्षाएं फरवरी के अंतिम सप्ताह से संभावित
इधर, 10वीं और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षाओं को लेकर भी विद्यार्थियों की उत्सुकता बढ़ गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस वर्ष भी मुख्य परीक्षाएं फरवरी के अंतिम सप्ताह से प्रारंभ होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि मुख्य परीक्षा की आधिकारिक समय-सारिणी अभी जारी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा वर्ष में दो बार बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने की व्यवस्था के चलते मुख्य परीक्षाओं का आयोजन फरवरी में किया जा रहा है, ताकि जून में द्वितीय परीक्षा आयोजित करने के साथ नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत भी निर्धारित समय पर की जा सके।
फिलहाल विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा की समय-सारिणी का इंतजार है। वहीं, प्रायोगिक परीक्षाओं की तारीखें घोषित होने के बाद स्कूलों में परीक्षा संबंधी तैयारियां शुरू होने की उम्मीद है।
विद्यार्थियों के लिए जरूरी सूचना: 10वीं भी और 12वीं के छात्र-छात्राएं अपनी प्रायोगिक परीक्षाओं की तैयारी समय रहते पूरी कर लें, क्योंकि परीक्षाएं 1 जनवरी से शुरू होकर 20 जनवरी तक संपन्न कराई जाएंगी।



