Uncategorizedजिला- सारंगढ़जिला- सारंगढ़ बिलाईगढ़पूछता है सारंगढबिलाईगढ़

सारंगढ़ के वार्ड क्रमांक 05 में सड़क बनी मुसीबत, स्टेडियम से गधा भाठा मार्ग पर कचरे का पहाड़ और बदहाल सड़क से लोग परेशान

सारंगढ़ के वार्ड क्रमांक 05 में सड़क बनी मुसीबत, स्टेडियम से गधा भाठा मार्ग पर कचरे का पहाड़ और बदहाल सड़क से लोग परेशान

सारंगढ़ के वार्ड क्रमांक 05 में सड़क बनी मुसीबत, स्टेडियम से गधा भाठा मार्ग पर कचरे का पहाड़ और बदहाल सड़क से लोग परेशान

*एक तरफ धड़ल्ले से कचरा डंपिंग, दूसरी तरफ केज व्हील और भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त; बरसात की बूंद पड़ते ही नरकीय हो जाते हैं हालात, नगर पालिका और जिला प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल*

सारंगढ़।* नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 05 स्थित स्टेडियम से गधा भाठा जाने वाले मार्ग की बदहाल तस्वीर नगर की सफाई व्यवस्था और विकास के दावों की हकीकत बयां कर रही है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यहां से आवागमन करना आम नागरिकों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। एक ओर सड़क किनारे बड़े पैमाने पर कचरा डंप किया जा रहा है, तो दूसरी ओर भारी वाहनों और केज व्हील वाली गाड़ियों की लगातार आवाजाही ने सड़क की स्थिति और भी बदतर कर दी है। अब हालात यह हैं कि सड़क पर चलना तो दूर, कई स्थानों पर कचरा ही सड़क तक फैल चुका है।

मौके की तस्वीर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि संबंधित मार्ग किस तरह बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और वाहनों के गहरे निशान दिखाई दे रहे हैं। सड़क के किनारे कचरे का बड़ा ढेर लगा हुआ है, जो धीरे-धीरे आवागमन के रास्ते तक पहुंच रहा है। बरसात की हल्की बूंदें पड़ते ही यहां की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। कीचड़ और गंदगी के बीच दोपहिया वाहन चालकों के लिए आवागमन करना जोखिम भरा हो जाता है।

स्थानीय स्तर पर इस बदहाली के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। एक तरफ नगर पालिका क्षेत्र का कचरा लगातार इसी इलाके में डंप किए जाने की शिकायत है, वहीं दूसरी तरफ केज व्हील वाली गाड़ियों और भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री सड़क के रूप में निर्मित इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव भी रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सड़क की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है? यदि सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही से नुकसान हो रहा था, तो जिम्मेदार विभागों ने समय रहते रोकथाम के लिए कदम क्यों नहीं उठाए?

सबसे गंभीर विषय केवल सड़क की बदहाली नहीं, बल्कि यहां हो रही कचरा डंपिंग भी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में कचरे के साथ मृत गाय और अन्य मवेशियों को भी फेंके जाने की शिकायतें हैं। यदि ऐसा हो रहा है तो यह सफाई व्यवस्था के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिहाज से भी गंभीर मामला है। कचरे के ढेर से दुर्गंध, गंदगी और संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है। आखिर नगर पालिका द्वारा कचरे के व्यवस्थित निपटान की व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है? विडंबना यह है कि नगर में विकास और सौंदर्यीकरण के नाम पर बड़ी-बड़ी योजनाओं की चर्चा होती है, लेकिन वार्ड क्रमांक 05 के इस महत्वपूर्ण मार्ग की हालत सुधारने के लिए कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है। व्यावसायिक परिसर जैसे निर्माण कार्यों पर जोर देने वाले जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और नगर प्रशासन क्या आम नागरिकों को एक सुरक्षित और चलने योग्य सड़क तक उपलब्ध नहीं करा सकते? जनता के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना ही किसी नगर सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। इस मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और स्थानीय लोगों द्वारा आए दिन दुर्घटनाएं होने की शिकायतें भी की जा रही हैं। इसके बावजूद न तो कचरा डंपिंग पर प्रभावी नियंत्रण दिखाई देता है और न ही सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नजर आ रही है।

अब सबसे बड़ा सवाल जिला प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन से है कि आखिर इस क्षेत्र की सुध कब ली जाएगी? क्या जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करेंगे? क्या सड़क को नुकसान पहुंचाने वाले भारी वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी? क्या कचरा डंपिंग के लिए व्यवस्थित स्थान और मृत मवेशियों के निपटान की उचित व्यवस्था बनाई जाएगी? *वार्ड क्रमांक 05 का स्टेडियम से गधा भाठा मार्ग आज सारंगढ़ की बदहाल व्यवस्थाओं का आईना बनता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों को अब कागजी आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क की मरम्मत, अवैध अथवा अनियंत्रित कचरा डंपिंग पर रोक और नियमित निगरानी जैसी ठोस कार्रवाई चाहिए। आखिर कब जागेगा नगर प्रशासन और कब मिलेगी इस क्षेत्र के लोगों को बदहाली से मुक्ति?*

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://sarangarhtimes.in/wp-content/uploads/2026/03/Screenshot-2026-03-31-180014.png
Back to top button