
पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार पर कांग्रेस नेत्री सरिता मल्होत्रा ने जताई नाराजगी, लिखित माफी की मांग का किया समर्थन

भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार एवं अन्य भाजपा नेताओं के कथित व्यवहार को बताया निंदनीय, कहा– पत्रकार का अपमान लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का अपमान है*
*सारंगढ़।* भाजपा के दीपावली मिलन समारोह के दौरान पत्रकार साथियों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का मामला अब राजनीतिक रूप भी लेने लगा है। इस घटना को लेकर कांग्रेस की युवा नेत्री एवं प्रदेश सचिव सरिता मल्होत्रा ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार एवं अन्य भाजपा नेताओं के व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा की है। साथ ही उन्होंने पत्रकारों द्वारा की जा रही लिखित माफी की मांग का पूर्ण समर्थन किया है। सरिता मल्होत्रा ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह का अनुचित व्यवहार बेहद निंदनीय है। किसी पत्रकार का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं होता, बल्कि उसकी कलम, उसके सम्मान और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का अपमान होता है।उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की उन महत्वपूर्ण आवाजों में से एक हैं, जो आम लोगों के हक, अधिकार और न्याय के लिए अपनी कलम उठाते हैं। धूप हो या बारिश, कठिन परिस्थितियां हों या किसी प्रकार का दबाव, पत्रकार हर परिस्थिति में सच्चाई को सामने लाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।कांग्रेस नेत्री ने पत्रकारों की लिखित माफी की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्रता के लिए हर व्यक्ति को अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। लोकतंत्र में मीडिया की स्वतंत्रता और पत्रकारों की गरिमा बेहद महत्वपूर्ण है। यदि सच लिखने और बोलने वाली कलम ही डरने लगेगी, तो लोकतंत्र की आवाज कमजोर पड़ जाएगी।उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा कि पत्रकार की कलम का सम्मान किया जाना चाहिए, क्योंकि यही कलम समाज को सच का आईना दिखाती है। पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना प्रत्येक राजनीतिक दल और जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।गौरतलब है कि सारंगढ़ में भाजपा के दीपावली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया था। इस प्रकरण को लेकर पत्रकार जगत में नाराजगी देखी जा रही है और संबंधित लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई जा रही है।सरिता मल्होत्रा के इस बयान के बाद पत्रकारों के सम्मान और राजनीतिक आयोजनों में मीडिया के साथ व्यवहार का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि भाजपा संगठन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और पत्रकारों की नाराजगी दूर करने के लिए क्या पहल करता है।*



