
बरमकेला में डोलोमाइट के अवैध खदान में पकड़े थे पोकलेन, 12 लाख का जुर्माना

गाडियां छूटते ही दूसरे जगह काम शुरू, खनन माफिया ने मचाई लूट
सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/सारंगढ़,
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला ब्लाक़ के मौहापाली में डोलोमाइट की अवैध खदान में माफियाओं का सिंडीकेट सक्रिय है। खनिज विभाग ने आठ पोकलेन, एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर जब्त किए थे। सभी वाहनों को मिलाकर करीब 12 लाख का जुर्माना किया गया है। पता चला है कि गाडिय़ां छूटते ही दूसरे खदान में काम पर लग गई हैं। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लाइमस्टोन और डोलोमाइट का अवैध खनन रोकने की क्षमता प्रशासन में नहीं है।
अब तक अनगिनत अधिकारी आए लेकिन कोई भी खनन माफिया से दो-दो हाथ नहीं कर सका। एक जगह पर कार्रवाई होती है तो कुछ दिन बाद एक नए लोकेशन पर काम शुरू हो जाता है। स्थानीय स्तर पर पहले सबको सेट किया जाता है ताकि वे आगे का रास्ता बना सकें। बरमकेला के मौहापाली में सात एकड़ जमीन को अवैध खदान बना दिया गया। दो-तीन साल में पूरी जमीन पर खनन कर लिया गया। खनिज विभाग ने छापा मारा तो आठ पोकलेन, एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर जब्त किए गए थे। इन दस वाहनों पर 11.59 लाख रुपए का जुर्माना किया गया है। आठ पोकलेन में से चार रायगढ़ के अरविंद, करन और रविंद्र के हैं। इसके अलावा माधवलाल कटंगपाली का 1 पोकलेन, भारत मिरी कटंगपाली का 1 पोकलेन, दाताराम मिरी कटंगपाली का 2 पोकलेन और नीलमणि रात्रे मौहापाली का 1 जेसीबी जब्त किया गया था।
सिंडीकेट का असर हर ओर
अवैध खनन से होने वाला अकूत कमाई में सबकी हिस्सेदारी होती है। डोलोमाइट और लाइमस्टोन के अवैध कारोबार के
लिए अलग-अलग सिंडीकेट बनाया गया है। किसको कैसे सेट करना है, कहां कितना रुपया पहुंचाना है यह सब सिंडीकेट
मेंबर ही तय करते हैं। बताया जा रहा है कि जैसे ही गाडिय़ां छूटी, नए खदान में काम शुरू हो गया। टिमरलगा में पूर्व
एसडीएम सारंगढ़ वर्षा बंसल की कार्रवाई पर जुर्माना कितना हुआ, यह रहस्य है।



