
अब राशन लेने के लिए अंगूठा जरूरी, ओटीपी व्यवस्था लगभग खत्म…

जगदलपुर। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के नियमों में बड़ा बदलाव लागू किया गया है। अब राशन वितरण में मोबाइल ओटीपी के बजाय बायोमैट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा। हितग्राहियों को मशीन पर फिंगरप्रिंट दर्ज कराने के बाद ही राशन मिलेगा। सर्वर समस्या होने पर भी पहले की तरह सीधे ओटीपी का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा।
विशेष परिस्थितियों में ही उच्च अधिकारियों की अनुमति से ओटीपी से वितरण किया जाएगा। नई व्यवस्था का उद्देश्य फर्जी वितरण और गड़बड़ियों पर रोक लगाना है। ई-केवाईसी अधूरी होने पर पात्र परिवारों को आवंटन प्रभावित हो सकता है।
बीपीएल परिवारों के मामले में शेष पात्र सदस्यों का राशन देने की व्यवस्था रहेगी। विभिन्न राशन कार्ड श्रेणियों के लिए पूर्व निर्धारित कोटा ही लागू रहेगा। राशन दुकानों को नए नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य विभाग का कहना है कि व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। अब बिना बायोमैट्रिक सत्यापन के राशन मिलना आसान नहीं होगा।



