
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉडर पर लाल आतंक का खजाना, 1 करोड़ से अधिक कैश और AK-47 समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद जब्त….

नारायणपुर. छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर में मंगलवार को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. अबूझमाड़ इलाके के जंगल में नक्सल डंप बरामद हुआ है. जिसमें छिपाकर रखे गए 1 करोड़ रुपए से ज्यादा कैश, ऑटोमैटिक हथियार, देशी बीजीएल रॉकेट लॉन्चर समेत भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए हैं. यह कार्रवाई जिला नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, आईटीबीपी और बीएसए के संयुक्त ऑपरेशन के दौरान की गई है. जानकारी के मुताबिक, जवानों की संयुक्त टीम ने अबूझमाड़ क्षेत्र के जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. तलाशी के दौरान के पास नक्सल डंप मिला. जांच करने पर मौके से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है.
नक्सल डंप से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

जवानों की इस कार्रवाई में नक्सल डंप से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किए गए हैं. संयुक्त कार्यवाही में कुल 1,01,64,000 रुपये कैश और AK-47, SLR, इंसास, 303 रायफल और इनके कारतूस ,BGL सेल , इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, नक्सल वर्दी, बैटरी के साथ अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किया गया है.
क्षेत्र में लगातार सुरक्षाबलों की कार्रवाई जारी है. बीते एक महीने में अबूझमाड की जंगलों में छिपाए नक्सली सामान और बंदूक मिल रहे हैं. बरामद सामग्री में तीन AK-47 रायफल, तीन 3 SLR रायफल, दो 303 रायफल और एक 315 बोर रायफल शामिल हैं. इसके अलावा AK-47 के 5 मैग्जीन और 113 जिंदा कारतूस, SLR रायफल के 13 मैग्जीन और 182 जिंदा कारतूस, इंसास रायफल का 1 मैग्जीन, 303 रायफल के 2 मैग्जीन और 45 जिंदा कारतूस, जबकि 315 रायफल का 1 मैग्जीन और 41 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए. कार्रवाई के दौरान 2 नग 12 बोर बंदूक, 2 देशी कट्टा, 19 नग 12 बोर के जिंदा कारतूस औऱ 1 एयर गन भी बरामद हुई.

बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली है, जिसमें 132 बीजीएल सेल, 2 बीजीएल, 14 बीजीएल कार्टेज, 12 एसएमजी कार्टेज, 8 इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, 6 बंडल कॉर्डेक्स वायर, लगभग 5 किलो सोरा और करीब 3 किलो व्हाइट पाउडर शामिल है. संचार उपकरणों में 1 मोटोरोला सेट, 6 वॉकी-टॉकी बॉओफेंग, 4 सेट रेडियो सेल और 2 बंडल बिजली वायर भी जब्त किए गए हैं. इसके अलावा अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी सुरक्षा बलों ने बरामद की है
बताते चलें कि नारायणपुर एसपी रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 270 हथियार बरामद किए जा चुके हैं, जो नक्सल नेटवर्क पर सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. यह आंकड़ा बताता है कि क्षेत्र में विश्वास, शांति और विकास की प्रक्रिया लगातार गति पकड़ रही है.



