राज्य

बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत…

बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत…

बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत…

बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम ऊनी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोठी डी पारा निवासी घासीराम राज (70 वर्ष) अपने परिचित किशन उर्फ रामू ठाकुर और कार्तिक राम मरावी के साथ मोटरसाइकिल से बेटी श्यामा राज की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे।

बेटी की शादी 30 मार्च को तय थी और इसी सिलसिले में तीनों आसपास के गांवों में निमंत्रण देने गए थे। गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे तीनों कार्ड बांटकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम ऊनी के तिराहा सोसायटी के पास मेन रोड पर सामने से आ रही बाइक सीजी 10 बी एक्स 4725 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घासीराम राज को गंभीर हालत में पीएचसी सीपत लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए बलौदा अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग क्रमांक 17/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है। इस दुखद घटना के बाद ग्राम सोठी में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद बेटी की शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, उसी घर से पिता की अर्थी उठने से पूरा गांव गमगीन हो गया। खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://sarangarhtimes.in/wp-content/uploads/2026/03/Screenshot-2026-03-31-180014.png
Back to top button