जिला- सारंगढ़जिला- सारंगढ़ बिलाईगढ़नया कॉलमपूछता है सारंगढबिलाईगढ़

पत्रकार से कथित दुर्व्यवहार पर 20 दिन बाद भी भाजपा संगठन मौन! क्या पत्रकारों के सम्मान से बड़ा हो गया राजनीतिक पद और प्रतिष्ठा?

जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल और अधिकृत जिला प्रवक्ता भुवन लाल मिश्रा सहित मुख्य जिम्मेदार पदाधिकारियों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल; न विद्यावती सिदार की लिखित माफी, न संगठन का आधिकारिक स्पष्टीकरण। 30 नवंबर को मुख्यमंत्री के सारंगढ़ दौरे में गरमा सकता है मामला।

सारंगढ़। पत्रकारों के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़े एक गंभीर मामले में भारतीय जनता पार्टी का सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला संगठन पिछले करीब 20 दिनों से सवालों के घेरे में है। दीपावली मिलन समारोह के दौरान सारंगढ़ स्थित अग्रसेन भवन में युवा पत्रकार योगेश कुर्रे के साथ कथित दुर्व्यवहार और जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार के बीच हुई तीखी नोकझोंक के मामले में अब तक न तो भाजपा जिला संगठन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आया है और न ही संबंधित जिला सह प्रभारी की ओर से लिखित माफी सार्वजनिक किए जाने की जानकारी मिली है। ऐसे में पत्रकारों के बीच नाराजगी बरकरार है और मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।

हैरानी की बात यह है कि घटना के करीब 20 दिन बाद भी मामला शांत होने के बजाय सोशल मीडिया पर लगातार सवालों के रूप में सामने आ रहा है। जिले के कुछ सक्रिय और वरिष्ठ पत्रकार सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटनाक्रम को लेकर सवाल उठा रहे हैं। भाजपा जिला संगठन की चुप्पी, संबंधित पदाधिकारी की ओर से माफी नहीं मांगे जाने और पत्रकारों की मांगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने को लेकर चर्चाएं जारी हैं। सोशल मीडिया पर उठ रहे इन सवालों से स्पष्ट है कि पत्रकारों के बीच यह मामला अभी खत्म नहीं हुआ है। आखिर जब मामला पत्रकारों के सम्मान से जुड़ा है तो संगठन अब तक अपना पक्ष स्पष्ट क्यों नहीं कर रहा है?

दीपावली मिलन समारोह में आखिर क्या हुआ था?

पूरा मामला दीपावली मिलन समारोह के दौरान सारंगढ़ के अग्रसेन भवन में सामने आया था। कार्यक्रम के दौरान युवा पत्रकार योगेश कुर्रे और भाजपा की जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। इस घटनाक्रम के बाद जिले के पत्रकारों में भारी नाराजगी देखने को मिली। पत्रकार संगठनों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यावती सिदार से लिखित रूप में माफी मांगने अथवा भाजपा जिला संगठन से पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करने की मांग उठाई थी।

मामला केवल एक पत्रकार और एक पदाधिकारी के बीच हुए विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पत्रकारों के सम्मान और सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनके साथ होने वाले व्यवहार का मुद्दा बन गया।

जिला प्रेस क्लब का बहिष्कार का ऐलान, पत्रकारों की एकजुटता चर्चा में

इस पूरे विवाद में जिला प्रेस क्लब ने युवा पत्रकार योगेश कुर्रे के समर्थन में बड़ा कदम उठाते हुए घोषणा की थी कि जिस भी कार्यक्रम में विद्यावती सिदार की उपस्थिति होगी, जिला प्रेस क्लब उस कार्यक्रम का बहिष्कार करेगा।

प्रेस क्लब के इस फैसले को पत्रकारों की एकजुटता और सम्मान के सवाल से जोड़कर देखा गया। पत्रकार जगत में इस कदम की काफी चर्चा हुई और कई पत्रकारों ने इसका समर्थन किया।

लेकिन अब सवाल यह है कि जब पत्रकार संगठनों ने अपनी नाराजगी सार्वजनिक कर दी और जिला प्रेस क्लब ने बहिष्कार तक का निर्णय ले लिया, तब भाजपा जिला संगठन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई?

जिला अध्यक्ष, महामंत्री और प्रवक्ता की चुप्पी पर सवाल

सबसे अधिक चर्चा भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला महामंत्री अमित तिवारी और पार्टी के अधिकृत जिला प्रवक्ता भुवन लाल मिश्रा सहित मुख्य पदाधिकारियों की चुप्पी को लेकर हो रही है। संगठन के इन जिम्मेदार पदाधिकारियों की ओर से अब तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

वहीं जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार की ओर से भी अब तक लिखित माफी सार्वजनिक किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर युवा पत्रकारों द्वारा लगातार सवाल उठाए जाने के बावजूद संगठन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आना इस पूरे मामले को और चर्चा में ला रहा है।

30 नवंबर को मुख्यमंत्री का दौरा, क्या पत्रकार पूछेंगे सीधे सवाल?

इस पूरे घटनाक्रम के बीच 30 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सारंगढ़ दौरा प्रस्तावित है। जिला सह प्रभारी होने के नाते विद्यावती सिदार की मौजूदगी भी इस कार्यक्रम में संभावित मानी जा रही है।

ऐसे में पत्रकारों के कथित दुर्व्यवहार का यह मामला मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भी चर्चा का विषय बन सकता है। सूत्रों के अनुसार, कुछ पत्रकार इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से सीधे सवाल पूछने की तैयारी में हैं। यदि ऐसा होता है तो मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विकास कार्यों और राजनीतिक गतिविधियों के साथ पत्रकार सम्मान का मुद्दा भी सुर्खियों में आ सकता है।

नगर पालिका चुनाव से पहले भाजपा के सामने असहज स्थिति

गौरतलब है कि सारंगढ़ नगर पालिका में दिसंबर माह में चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे समय में जब राजनीतिक दल जनता के बीच अपनी छवि मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुटे हैं, पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का यह विवाद भाजपा जिला संगठन के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है।

पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकारों के सम्मान और स्वतंत्र संवाद का सवाल किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध से ऊपर है। यदि किसी पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार हुआ है तो संबंधित पक्ष को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। वहीं यदि कोई गलतफहमी हुई है तो उसे बातचीत के माध्यम से दूर किया जाना चाहिए।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि घटना के 20 दिन बाद भी भाजपा जिला संगठन का मौन क्यों नहीं टूटा? पत्रकार संगठनों की नाराजगी, सोशल मीडिया पर युवा पत्रकारों के लगातार सवाल और जिला प्रेस क्लब के बहिष्कार के ऐलान के बावजूद अब तक आधिकारिक प्रतिक्रिया का सामने नहीं आना कई सवाल खड़े कर रहा है।

अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री के सारंगढ़ दौरे से पहले जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल या मुख्य जिला पदाधिकारी और जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार इस मामले में अपना पक्ष रखते हैं या पत्रकारों के सवालों के बीच संगठन की चुप्पी आगे भी बरकरार रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://sarangarhtimes.in/wp-content/uploads/2026/03/Screenshot-2026-03-31-180014.png
Back to top button