
सारंगढ़ यूथ क्लब की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए खास पहल, 5 रील पर 1000 लाइक्स पूरे करने पर मिलेंगे दो VIP पास
सारंगढ़। सारंगढ़ यूथ क्लब द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 16 एवं 17 अक्टूबर को मंडी प्रांगण, सारंगढ़ में भव्य सारंगढ़ रास गरबा 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर युवाओं और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए एक खास पहल की गई है। इसके तहत रील बनाकर प्रतिभागी गरबा कार्यक्रम के VIP पास प्राप्त करने के साथ ही मंच पर सम्मानित होने का अवसर भी पा सकते हैं।
समिति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रतिभागियों को कुल पांच रील बनानी होंगी। इन पांचों रील पर मिलाकर 1000 लाइक्स पूरे होने पर प्रतिभागी को गरबा कार्यक्रम के दो VIP पास दिए जाएंगे। वहीं, सभी प्रतिभागियों में जिस रील पर सबसे अधिक लाइक्स मिलेंगे, उसके क्रिएटर को समिति की ओर से गरबा मंच पर मोमेंटो देकर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
14 अक्टूबर शाम 5 बजे तक होगी लाइक्स की गणना
इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए कुछ नियम एवं शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। सभी रील मर्यादित एवं सभ्य होनी चाहिए तथा प्रत्येक रील में मां दुर्गा की तस्वीर होना अनिवार्य है। लाइक्स की गणना 14 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक की जाएगी। प्रतिभागियों को अपनी सभी रील के लिंक और लाइक्स के स्क्रीनशॉट मोबाइल नंबर 7987698600 पर भेजने होंगे।
इसके अलावा, रील पोस्ट करते समय आयोजन के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट @raas_garba_sgh को मेंशन या टैग करना अनिवार्य है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले इंस्टाग्राम यूजर का अकाउंट सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का होना चाहिए।
युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका
सारंगढ़ यूथ क्लब की इस पहल से सोशल मीडिया पर सक्रिय युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स को अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। रील के माध्यम से आयोजन का प्रचार करने के साथ ही प्रतिभागी VIP पास और मंच पर सम्मान प्राप्त करने का मौका भी हासिल कर सकते हैं।
गौरतलब है कि सारंगढ़ रास गरबा 2026 का आयोजन 16 एवं 17 अक्टूबर को मंडी प्रांगण, सारंगढ़ में होगा। समिति ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और रील बनाने के शौकीन युवाओं से इस पहल में भाग लेने की अपील की है।



