
डेढ़ लाख शिक्षकों की उपस्थिति की पहली बड़ी समीक्षा में खुलासा, बिना उचित कारण हाजिरी नहीं लगाने वालों का वेतन रोकने की तैयारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब डेढ़ लाख शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति की समीक्षा में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। सितंबर महीने में 7 हजार से अधिक शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं हुई। अब स्कूल शिक्षा विभाग इन शिक्षकों की पदस्थापना, वर्तमान ड्यूटी और उपस्थिति का रिकॉर्ड खंगाल रहा है। जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) से रिपोर्ट मांगी गई है। जांच के बाद बिना उचित कारण ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगाने वाले शिक्षकों का वेतन रोकने की कार्रवाई की जा सकती है।
एक-एक शिक्षक का रिकॉर्ड खंगाल रहा विभाग
स्कूल शिक्षा संचालनालय ऐसे शिक्षकों की सूची जिला शिक्षा अधिकारियों को भेज रहा है, जिनकी ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं हुई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित शिक्षकों की पदस्थापना, वर्तमान कार्यस्थल और उपस्थिति की जानकारी जुटाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग आगे की कार्रवाई करेगा। इससे पहले भी ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगाने वाले शिक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नेटवर्क संबंधी शिकायतों के कारण कार्रवाई में ढील दी गई थी। अब विभाग दोबारा सख्ती की तैयारी में है।
नारायणपुर में सबसे कम 70 प्रतिशत ऑनलाइन हाजिरी
सितंबर की समीक्षा में नारायणपुर जिले में सबसे कम ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज हुई। यहां प्रतिदिन औसतन 70 प्रतिशत शिक्षकों की ही ऑनलाइन हाजिरी दर्ज हो रही है, जबकि अन्य जिलों में यह आंकड़ा औसतन 90 से 92 प्रतिशत के बीच है।
अधिकारियों के मुताबिक, नारायणपुर के कई दुर्गम गांवों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या है। इसी वजह से ऐसे स्कूलों में ऑफलाइन हाजिरी का विकल्प दिया गया है। ऐसे में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने वाले सभी शिक्षकों को ड्यूटी से अनुपस्थित मानना सही नहीं होगा। कितने शिक्षक अवकाश पर थे और कितनों की हाजिरी तकनीकी कारणों से दर्ज नहीं हुई, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।
अटैचमेंट खत्म होने के बाद भी उठे सवाल
शिक्षा विभाग ने शिक्षकों सहित बाबुओं और चपरासियों के अटैचमेंट समाप्त करने की कार्रवाई की है। इसके बावजूद हजारों शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं होने से उनकी वास्तविक पदस्थापना और ड्यूटी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि संबंधित शिक्षक कहां कार्यरत हैं और उनकी उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज क्यों नहीं हो रही है।
रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह के मुताबिक, ऑनलाइन समीक्षा में करीब 7 हजार शिक्षकों की हाजिरी दर्ज नहीं होने की जानकारी मिली है। जिला शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। शिक्षकों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगाने वाले शिक्षकों का वेतन रोकने का आदेश जल्द जारी करने की तैयारी है।
अब जिला शिक्षा अधिकारियों की जांच रिपोर्ट पर नजर है। इससे स्पष्ट होगा कि ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं होने के पीछे वास्तविक कारण क्या हैं और किन मामलों में विभागीय कार्रवाई की जरूरत है।



