
22 मंदिरों में सोलर पैनल लगाने की तैयारी…

जगदलपुर. जगदलपुर और आसपास के 22 ऐतिहासिक मंदिरों में बढ़ते बिजली खर्च ने टेंपल कमेटी की चिंता बढ़ा दी है. रियासतकाल में बने इन मंदिरों में अब बिजली की खपत कम करने के लिए सोलर पैनल लगाने की तैयारी है. दरअसल, कुछ मंदिरों में एसी, इंडक्शन और जरूरत से ज्यादा बिजली सजावट के चलते बिल लगातार बढ़ रहा है. हालात यहां तक पहुंचे कि पिछले दिनों जगन्नाथ मंदिर समेत करीब आधा दर्जन मंदिरों की बिजली काटनी पड़ी.
इसके बाद मंदिरों में बिजली के इस्तेमाल और कनेक्शन की व्यवस्था को लेकर समीक्षा की गई. टेंपल कमेटी अब दिन के समय सोलर ऊर्जा से बिजली की जरूरत पूरी करने की योजना बना रही है. शाम के बाद जरूरत के मुताबिक पारंपरिक बिजली का इस्तेमाल किया जाएगा. मां दंतेश्वरी मंदिर में सोलर व्यवस्था शुरू भी कर दी गई है.
अब बाकी 21 मंदिरों में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने की तैयारी है. साथ ही मंदिरों में बिजली के अनावश्यक इस्तेमाल पर जिम्मेदारी तय करने और विभागीय कार्रवाई की बात भी सामने आई है. यानी अब ऐतिहासिक मंदिरों में बिजली का खर्च घटाने के साथ ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत पर जोर दिया जा रहा है.



