
रायपुर के स्पा सेंटर पर पुलिस की रेड, आपत्तिजनक सामग्री मिलने के बाद किया गया सील….

रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक स्पा सेंटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में रेड कार्रवाई कर जांच की, जहां चेकिंग के दौरान आपत्तिजनक सामग्री मिलने के बाद सेंटर काे सील कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में देवेंद्र नगर क्षेत्र स्थित स्पा सेंटर की जांच की गई। जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोप लगाया कि स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर द्वारा युवतियों से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। मामले में पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक हरविंदर सिंग ग्रोवर, निवासी टिकरापारा और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा, निवासी भिलाई-3 के खिलाफ थाना देवेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 152/2026 दर्ज किया है।
दोनों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 (PITA Act) की धारा 4, 5 और 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के संचालन को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई की। इसी क्रम में 11 सितंबर को पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने इशवा लग्जरी स्पा सेंटर को सील कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



