
राखी के पर्व पर डाक विभाग की खास पहल: भाई-बहन के रिश्ते को खास बनाने लॉन्च किया ‘राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स’, ₹520 में मिलेंगी ये 6 खास चीजें…..

रायपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भाई-बहन के रिश्ते को और खास बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग के छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल ने विशेष पहल की है। विभाग ने इस वर्ष आकर्षक और प्रीमियम ‘राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स’ लॉन्च किया है। ‘अनमोल तोहफा, अनमोल रिश्ते के लिए’ संदेश के साथ तैयार यह गिफ्ट बॉक्स अब लोगों के लिए नजदीकी डाकघरों में उपलब्ध है।
इस विशेष गिफ्ट बॉक्स की कीमत ₹520 निर्धारित की गई है। इसमें रक्षाबंधन से जुड़ी जरूरी सामग्री के साथ कई उपयोगी और यादगार वस्तुएं शामिल की गई हैं, जिससे भाई-बहन एक ही पैकेज में त्योहार की खुशियों से जुड़ी कई चीजें पा सकते हैं। डाक विभाग की यह पहल खास तौर पर उन भाई-बहनों के लिए उपयोगी हो सकती है, जो रक्षाबंधन के मौके पर एक-दूसरे से दूर रहते हैं। गिफ्ट बॉक्स के जरिए रक्षाबंधन से जुड़ी आवश्यक सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध हो जाती है।
नागरिक अपने नजदीकी डाकघर से ‘राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स’ खरीद सकते हैं। इसके साथ भारतीय डाक की विश्वसनीय स्पीड पोस्ट सेवा का उपयोग कर राखी और उपहार समय पर अपने भाई-बहनों तक पहुंचाया जा सकता है।
बॉक्स में क्या-क्या मिलेगा?

राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स में कुल कई आकर्षक सामग्री शामिल की गई हैं। इनमें:

दो स्पेशल राखियां, भाइयों की कलाई के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई।

दो बैज, बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षक डिजाइन वाले।

अक्षत और कुमकुम, रक्षाबंधन के पारंपरिक पूजा अनुष्ठान के लिए।

एक फ्रिज मैग्नेट स्टीकर, घर की सजावट और यादगार के तौर पर।

तीन पिक्चर पोस्टकार्ड, भाई-बहन के संदेश पारंपरिक तरीके से भेजने के लिए।

एक की-रिंग, दैनिक उपयोग के लिए।



