
शासकीय हाई स्कूल सारंगढ़ में शिक्षकों की कमी, 20 अगस्त को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी…..

सारंगढ़। शासकीय हाई स्कूल, नगरपालिका सारंगढ़ में लंबे समय से विभिन्न विषयों के शिक्षकों की कमी बनी हुई है। शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। शिक्षकों की कमी को दूर करने और आवश्यक विषयों के शिक्षकों की पदस्थापना की मांग को लेकर पूर्व में कई बार आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इस संबंध में विद्यालय के अध्यक्ष, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भी आवश्यक शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
शाला विकास समिति के अध्यक्ष अमित कुमार सारथी ने बताया कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को देखते हुए तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की जाती है तो 20 अगस्त 2026, गुरुवार को सुबह 11 बजे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने थाना प्रभारी को भी आवेदन देकर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की सूचना दी है। साथ ही प्रशासन से विद्यार्थियों के हित में तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की गई है।



