
वन परिक्षेत्र बिलाईगढ़ अंतर्गत कक्ष क्रमांक 446 में दिनांक 07.11.2026 को गश्ती के दौरान एक नर तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20905/2, दिनांक 07.11.2026 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल से गेड़ी, सब्बल एवं जी.आई. तार सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। जिला स्तरीय पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा तेंदुए का शव परीक्षण किया गया तथा मृत्यु के वास्तविक कारणों की जांच हेतु आवश्यक नमूने एकत्रित कर सीलबंद किए गए। इसके पश्चात नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया।
प्रकरण की जांच में डॉग स्क्वायड की सहायता ली गई। जांच के दौरान ग्राम गोंदली में खेत में तार बिछाकर विद्युत खंभे से अवैध रूप से करंट प्रवाहित कर वन्यप्राणी का शिकार किए जाने के साक्ष्य प्राप्त हुए। उपलब्ध साक्ष्यों एवं डॉग स्क्वायड से प्राप्त संकेतों के आधार पर दो आरोपियों होरीलाल/किरीट यादव (55 वर्ष) एवं फागूलाल/गणपत यादव (25 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गोंदली, को गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों को दिनांक 09.11.2026 को माननीय न्यायालय बिलाईगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। प्रकरण की विवेचना जारी है तथा अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।







