
डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर भाजपा महिला मोर्चा सक्रिय, गीतांजलि पटनायक बनाई गईं जिला प्रभारी4 जुलाई को सारंगढ़ प्रवास पर रहेंगी प्रभारी, कार्यकर्ताओं को देंगी डिजिटल प्रशिक्षण की जानकारी

सारंगढ़ टाइम्स न्यूज/सारंगढ़।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री श्री पवन साय तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी के निर्देशानुसार 23 जून से 6 जुलाई तक प्रदेशभर में डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं सरल-सहज व्यक्तित्व की धनी श्रीमती गीतांजलि पटनायक को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती वैजयंती नंदराम लहरे ने श्रीमती गीतांजलि पटनायक को जिले का प्रभारी बनाए जाने पर शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने महिला मोर्चा की विभिन्न पदाधिकारियों को जिला प्रभार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें विश्वास है कि सभी प्रभारी अपने नेतृत्व एवं मार्गदर्शन से संगठन को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कल सारंगढ़ पहुंचेगी प्रभारी
जिलाध्यक्ष श्रीमती वैजयंती नंदराम लहरे ने बताया कि प्रभारी श्रीमती गीतांजलि पटनायक 4 जुलाई को सारंगढ़ प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वे महिला मोर्चा की बैठक लेकर डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देंगी तथा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगी। उन्होंने जिले की अधिक से अधिक महिला कार्यकर्ताओं से बैठक में उपस्थित होकर प्रशिक्षण का लाभ लेने की अपील की है।
महिला मोर्चा की सक्रियता से संगठन को मिल रही मजबूती
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आयोजित विभिन्न संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। महिला मोर्चा की बढ़ती सक्रियता से जिले में भारतीय जनता पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है तथा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।



