
चंद्रपुर पुलिस थाना में पदस्थ एएसआई एस.एन.मिश्रा को एसीबी ने 20 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार,

मारपीट केस में कड़ी कार्रवाई से बचाने मांगी थी 40 हजार रिश्वत,
पहली किश्त 20 हजार पहले ले चुका था आरोपी,
ढाबा में दूसरी किश्त लेते हुए एसीबी ने रंगे हाथ पकड़ा
सारंगढ़ टाईम्स न्यूज/चंद्रपुर,
सक्ती जिले मे भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी पर एक प्रार्थी के खिलाफ दर्ज मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में कुल 40 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार, ग्राम बालपुर थाना चंद्रपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी
कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम बालपुर की सरस्वती जायसवाल द्वारा उसके तथा उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट थाना चंद्रपुर में दर्ज कराई गई थी। मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के बदले थाना चंद्रपुर में पदस्थ एएसआई एस.एन. मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। प्रार्थी ने शिकायत में स्पष्ट किया था कि वह रिश्वत नहीं देना चाहता, बल्कि आरोपी पुलिस अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें शिकायत सही पाई गई।
सत्यापन के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी एएसआई एस.एन. मिश्रा पहले ही रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये ले चुका था तथा शेष 20 हजार रुपये लिया जाना बाकी था। इसके बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने ट्रैप की योजना तैयार की। योजना के तहत शनिवार 10 मई 2026 को प्रार्थी ने आरोपी एएसआई को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में शेष राशि देने के लिए बुलाया। जैसे ही आरोपी मिश्रा ने प्रार्थी से 20 हजार रुपये रिश्वत की दूसरी किश्त ली, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।

एसीबी सूत्रों के मुताबिक आरोपी एस.एन. मिश्रा के खिलाफ लगातार रिश्वतखोरी किए जाने की शिकायतें मुखबिरों के माध्यम से भी मिल रही थीं। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी बिलासपुर ने कहा है कि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी भी विभाग का लोकसेवक रिश्वत की मांग करता है तो इसकी तत्काल सूचना एसीबी को दें।
एसीबी के कार्यवाही की चपेट में आये एएसआई निलंबित
थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। SP ठाकुर ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



